डॉक्टर को घर के कामकाज के लिए नौकरानी चाहिए थी तो उसने ऑनलाइन तलाश की। मिली भी गई, लेकिन वह एक दिन काम कर फरार हो गई। जबकि एडवांस सैलरी के तौर पर 39 हजार रुपये की पेमेंट भी कर दी थी। परिवार को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का जब अहसास हुआ तो मामला पुलिस तक पहुंचा।
सेक्टर-34 थाने में एक कंपनी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जो आनलाइन दिल्ली से आपरेट होती है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सेक्टर-34 सी निवासी संदीप अरोड़ा पेशे से डाक्टर हैं। उन्हें अपने परिवार में एक मेड की जरूरत थी।
जब लोकल स्तर पर उनकी समस्या का हल नहीं हुआ तो उन्होंने कई वेबसाइट सर्च की, जो डोमेस्टिक हेल्प मुहैया कराती हैं। ऐसी ही एक वेबसाइट पर उनकी डील फाइनल हुई और पेमेंट करने के बाद उनके घर मेड आ भी गई। जांच परख के बाद काम समझाने का दौर शुरू हुआ, लेकिन एक ही दिन के काम के बाद महिला फरार हो गई।
ट्राइसिटी में पहले भी इस तरह के कई मामले दर्ज हो चुके हैं, जब डोमेस्टिक हेल्प मुहैया कराने के नाम पर ठगी हुई हो। सेक्टर-34 थाना पुलिस के मुताबिक मामला दर्ज कर आरोपियों को ट्रैक किया जा रहा है।