अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबियां की हत्या के मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के गांव अभयपुर माधोपुरा निवासी आरोपी यादविंदर सिंह गिरफ्तार कर उसके पास से दो पिस्तौल के अलावा हत्या में इस्तेमाल वाहन भी बरामद कर लिया है। यादविंदर उर्फ याद हत्या के वक्त शूटरों के साथ था और बाकायदा उनको पंजाब में वाहन मुहैया करवाने से लेकर ठहराने तक का पूरा इंतजाम आरोपी ने किया था।
गैंगस्टर जुझार ने अपने साले यादविंदर को हत्या करने के लिए शूटरों की मदद का जिम्मा सौंपा था। एसएसपी सतिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने संदीप नंगल अंबियां की हत्या के आरोप में जेल में बंद गैंगस्टर कौशल चौधरी, अमित डागर, फतेह नागरी, सिमरनजीत सिंह जुझार को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की थी।
गैंगस्टर सिमरनजीत सिंह जुझार से हुई पूछताछ में सामने आया कि उसने पीलीभीत में रहने वाले अपने साले यादविंदर याद को संदीप नंगल अंबियां की हत्या के मामले में शूटरों की मदद करने का जिम्मा सौंपा था। इसके बाद यादविंदर याद ने ही शूटरों को पंजाब में पनाह दिलाई और बाकायदा पूरा खाका तैयार किया।
यादविंदर ने ही शूटरों को वाहन मुहैया करवाया और साथ ही संदीप नंगल अंबियां की रेकी की। एसएसपी सतिंदर सिंह के मुताबिक हत्या वाले दिन यादविंदर याद शूटरों के साथ घटनास्थल पर मौजूद था। आरोपी से हत्या में प्रयुक्त वाहन के अलावा दो पिस्तौल व कारतूस बरामद किए गए हैं।