पुलिस की अपराध शाखा ने रायचंदवाला गांव के पास से एक लाख रुपये के इनामी कुकी गैंग के बदमाश राकेश को दो साथियों सहित मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पानीपत के कई गांव निवासी राकेश पर रोहतक और पानीपत में 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। उसके साथियों की पहचान पंजाब के जिरकपुर निवासी गगनदीप उर्फ फौजी और रोहतक के रिठाल गांव निवासी सुनील उर्फ शीला के रूप में हुई। तीनों के कब्जे से तीन पिस्टल व आठ कारतूस बरामद किए हैं। अदालत ने तीनों को तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
डीएसपी पवन कुमार और सीआईए प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ राजस्थान, पंजाब, पंचकूला, पानीपत व रोहतक में हत्या, लूटपाट और हत्या का प्रयास के 18 केस दर्ज हैं। सीआईए टीम को सूचना मिली कि गांव रायचंदवाला में तीन संदिग्ध युवक गाड़ी में घूम रहे हैं। इस पर एएसआई आत्माराम के नेतृत्व में टीम का गठन कर भेजा गया।
युवकों को गाड़ी रोकने के लिए कहा तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायर कर दिया तथा गाड़ी से उतरकर भाग गए। इस दौरान बदमाशों व पुलिस की तरफ से तीन-तीन राउंड फायरिंग हुई और तीनों आरोपियों को पुलिस ने काबू कर लिया। पूछताछ में राकेश ने खुलासा किया कि वह रिठाल निवासी सुंदरा को पेशी के दौरान मारने वाले थे। राकेश ने बताया कि उनकी सुंदरा से गैंगवाल चल रही है जिसके चलते उन्होंने उसे मारने की साजिश रची थी।
जींद में गैंग का काम शुरू करने की थी तैयारी
पकड़े गए तीनों अपराधी राकेश, गगनदीप उर्फ फौजी और सुनील उर्फ शीला कुकी गैंग से हैं और जींद में अपनी गैंग का काम शुरू करना चाहते थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार इसके लिए वे कई बार पहले भी जींद आए हैं। इसके लिए कुछ दिन पहले पटियाला चौक पर एक कमरा भी किराये पर लिया था, लेकिन यहां पुलिस की रेकी का आभास होते ही उन्होंने कमरा छोड़ दिया था।
यह है राकेश का आपराधिक रिकार्ड
- जून 2017 में अपने साथी अशोक उर्फ हुटर के साथ मिलकर असंध से बाइक छीनी।
- जून 2017 में अशोक उर्फ हुटर व संजीत पहलवान के साथ मिलकर पानीपत में लालबत्ती चौक पर अहुलाना गांव निवासी सतबीर की गोली मार कर हत्या की।
- अगस्त व सितंबर 2017 में अमित उर्फ मीता व अशोक उर्फ हुटर के साथ मिल कर रिठाल गांव निवासी अंकित की रोहतक में लाढौत रोड पर गोली मार कर हत्या।
- सितंबर 2017 में सुनील उर्फ शीला के साथ मिलकर पिस्तौल के बल पर असंध से बाइक छीनी।
- सितंबर 2017 में सुनील उर्फ शीला व अमित उर्फ मीता के साथ मिलकर मतलौडा रेलवे स्टेशन के पास एक दुकानदार से पिस्तौल के बल पर रुपयों से भरा बैग छीना व फायर किया।
- दिसंबर 2017 में सुनील उर्फ शीला, गगनदीप उर्फ फौजी के साथ मिलकर राजस्थान कोर्ट बूंदी में राकेश पर गोलियां चलाई।
गगनदीप उर्फ फौजी का आपराधिक रिकार्ड
- कुकी गैंग के बदमाश गगनदीप उर्फ फौजी के खिलाफ वर्ष 2015 में अवैध हथियार रखने का मुकदमा दर्ज हुआ है।
- जून 2016 में पीजीआईएमएस चंडीगढ़ में एंबुलेंस चालक पर दबाव देकर एंबुलेंस लेने व जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज है।
- दिसंबर 2017 में सुनील उर्फ शीला व राकेश के साथ मिलकर राजस्थान कोर्ट बुंदी में राकेश पर हमला।
- जनवरी 2018 में शीला के साथ मिलकर एंबुलेंस चालक पर जान से मारने की नियत से गोली चलाई।
- मई 2018 में अमित उर्फ मीता व सुनील उर्फ शीला के साथ मिलकर नया गाव पंजाब में सौरभ उर्फ मेड्डी की हत्या।
- जून 2017 में अमित उर्फ मीता व सुनील उर्फ शीला के साथ मिलकर रामगढ़ के पास पंचकूला से कार छीनी।
सुनील उर्फ शीला का आपराधिक रिकार्ड
- सितंबर 2017 में राकेश के साथ मिलकर पिस्तौल की नोक पर असंध से बाइक छीनी।
- सितंबर 2017 में राकेश और अमित उर्फ मीता के साथ मिलकर मतलौडा में रेलवे स्टेशन के पास एक दुकानदार से पिस्तौल के बल पर रुपयों से भरा बैग छीना और फायरिंग की।
- दिसंबर 2017 में राकेश के साथ मिलकर राजस्थान के बूंदी कोर्ट में राकेश पर जानलेवा हमला।
- मई 2018 में अमित उर्फ मीता व गगनदीप उर्फ फौजी के साथ मिलकर नया गाव पंजाब में सौरभ उर्फ मेड्डी की हत्या।
- जून 2017 में अमित उर्फ मीता व गगनदीप उर्फ फौजी के साथ मिलकर रामगढ़ के पास पंचकूला से कार छीनी।
16जेएनडी12: पुलिस द्वारा पकड़े गए अपराधी।
16जेएनडी19: मामले की जानकारी देते डीएसपी पवन शर्मा व सीआईए प्रभारी सुरेंद्र कुमार।