लालच में हैवान बना भतीजा। अपनी बुजुर्ग चाची को दौड़ा दौड़ाकर ट्रैक्टर से कुचल डाला। इस हत्याकांड के पीछे बड़ी मामूली सी वजह पता चली है। घटना हरियाणा के जींद की है। गांव बराह कलां में खेतों के रास्ते के विवाद को लेकर शुक्रवार को एक महिला की ट्रैक्टर से रौंदकर हत्या कर दी, जबकि उसकी बेटी व पुत्रवधू के पीछे ट्रैक्टर लगाकर उन्हें भी कुचलने का प्रयास किया।
घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार बराह कलां निवासी सत्यनारायण का उनके परिवार के ही रोहताश के साथ खेतों के रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। सत्यनाराण की पत्नी शांति, बेटी नीलम व पुत्रवधू खेतों में काम करने के लिए गई थी।
इसी दौरान रोहताश ट्रैक्टर लेकर परिवार के लोगों के साथ वहां पर पहुंचा और शांति देवी, नीलम व पुत्रवधू के पीछे ट्रैक्टर लगा लिया। शांति देवी बुजुर्ग होने के कारण भाग नहीं पाई और रोहताश ने ट्रैक्टर उसके ऊपर चढ़ा दिया। उसकी बेटी नीलम व पुत्रवधू ने किसी तरह पेड़ों का सहारा लेकर खुद का बचाव किया। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने नीलम की शिकायत पर रोहताश, मुकेश, राजेश सहित चार महिलाओं के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।