बरनाला में वाटर टंकी पर चढ़ा एनआरआई बुजुर्ग
एक एनआरआई बुजुर्ग पानी की टंकी पर चढ़कर बैठ गया। अब वह आत्मदाह की धमकी दे रहा है। इसके पीछे चौंकाने वाली वजह पता चली। मामला पंजाब के बरनाला का है।
अपने साथ डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी के मामले में इंसाफ लेने के लिए चार साल से मुख्यमंत्री, एनआरआई विंग से लेकर जिला प्रशासन के अधिकारियों के चक्कर काटकर थक चुके एनआरआई जोधा सिंह सोमवार को अपने गांव फरवाही की पानी वाली टंकी पर चढ़ गए।
ऊपर चढ़कर उन्होंने कहा कि जब तक इंसाफ नहीं मिलता वह टंकी से नहीं उतरेगा और अगर फिर भी उसकी सुनवाई न हुई तो वह आत्मदाह कर लेगा। सूचना मिलते ही सारा गांव टंकी के नीचे इकट्ठा हो गया, पुलिस व सिविल प्रशासन ने इसका कोई नोटिस नहीं लिया। टंकी के नीचे बैठे एनआरआई जोधा सिंह के परिजन रो रहे थे।
एक करोड़ 51 लाख की ठगी का मामला
phone calls
जोधा सिंह की भाभी बलजीत कौर पत्नी सतनाम सिंह ने बताया कि जोधा सिंह ने विदेश से जमीन खरीदने के लिए अपने सगे भाई मंगजीत सिंह को 1 करोड़ 51 लाख रुपये भेजे थे।
उसके भाई ने अपने पिता बाबू सिंह के साथ मिलकर जमीन अपने नाम खरीद कर उसके डेढ़ करोड़ खुर्दबुर्द कर दिए और उसके द्वारा भेजे रुपये की जमीन अपने नाम खरीदकर ऊपर से उस पर कर्ज ले लिया।
उसने तत्कालीन जिला पुलिस मुखी स्नेहदीप शर्मा को अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई। इस पर उसके भाई व पिता पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया, लेकिन स्नेहदीप शर्मा की बदली होने के बाद तत्कालीन एसएसपी उपेंद्रजीत सिंह घुम्मन ने उनपर दर्ज हुआ मामला रद्द कर दिया।
एनआरआई जोधा सिंह ने कहा कि वह इंसाफ के लिए चार साल से बच्चे छोड़कर पंजाब आया हुआ है। वह इस दौरान मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, एनआरआई विंग के तमाम उच्चाधिकारियों सहित जिले के तमाम सिविल व पुलिस अधिकारियों को कई बार मिल चुका है, लेकिन किसी ने उसे इंसाफ नहीं दिया।
सुनवाई न हुई तो आत्मदाह कर लूंगा
phone calls
जोधा सिंह ने धमकी दी कि जब तक उसको इंसाफ नहीं मिलता वह टंकी से नीचे नहीं उतरेगा और अगर फिर भी उसकी सुनवाई न हुई तो वह आत्मदाह कर लेगा।
कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी : पुलिस
डिप्टी कमिश्नर भूपिंदर सिंह राय ने कहा कि वह मामले को निपटाने के लिए अभी जिला पुलिस मुखी को दिशा निर्देश देते हैं। पुलिस मुखी गुरप्रीत सिंह तूर ने कहा कि वे डीएसपी की ड्यूटी लगाते हैं, जबकि डीएसपी पलविंदर सिंह चीमा ने कहा कि उनका पारिवारिक झगड़ा है, जो कानून मुताबिक कार्रवाई बनती है वही की जाएगी।