जीटी रोड पर सिवाह के नजदीक अल सुबह आधा दर्जन बदमाशों ने लुधियाना के एक एनआरआई दंपति के साथ पिस्तौल के बल पर लूटपाट कर दी और बदमाश ड्राइवर की इनोवा गाड़ी व दंपति के अमेरिकन व कनेडियन डॉलर समेत नगदी व गहने लूटकर फरार हो गए।
लुधियाना के इशोपुर निवासी युवक अपनी पत्नी को दिल्ली एयरपोर्ट पर छोड़ने जा रहा था। यहां से उसकी पत्नी रुपिंद्रजीत कौर को फ्लाइट से कनाडा जाना था। बदमाश मौके पर अपनी जली हुई आई-20 गाड़ी छोड़ गए। यह गाड़ी भी दिल्ली के द्वारका से गन प्वाइंट पर लूटी गई थी।
जीटी रोड पर लूटपाट की वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, डीएसपी समालखा व थाना चांदनी बाग प्रभारी मौके पर पहुंचे। थाना चांदनी बाग पुलिस ने इसमें लूटपाट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लूटपाट की वारदात थाना चांदनी बाग के अंतर्गत मंगलवार अल सुबह करीब पौने पांच बजे की है। जीटी रोड सिवाह स्थित पर्ल ढाबे के नजदीक आधा दर्जन बदमाशों ने इनोवा सवार लुधियाना के इशापुर निवासी सतविंद्र सिंह व उसकी पत्नी रुपिंद्रजीत कौर को गन प्वाइंट पर बंधक बना लिया और उनसे ड्राइवर की इनोवा गाड़ी व उनका गाड़ी में रखा सामान लूटकर फरार हो गए।
जीटी रोड पर लूटपाट की सूचना मिलते ही थाना चांदनी बाग प्रभारी रामकुमार मौके पर पहुंचे और बदमाशों की धरपकड़ को लेकर नाकाबंदी की। इसकी सूचना मिलते ही एसपी राहुल शर्मा व डीएसपी समालखा गोरखपाल भी पहुंचे और मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक ने दंपति को उचित कार्रवाई कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया।