एसएससी की ओर से 1 नवंबर को आयोजित एलडीसी परीक्षा का पेपर लीक का खुलासा करते हुए सीआईए-2 स्टाफ ने दो युवकों को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी हरियाणा के रोहतक से की गई है।
परीक्षा एसएससी की ओर से रविवार सुबह और शाम की पारी में आयोजित की गई थी। आरोपी युवकों के पास से आंसर की बरामद किया गया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेजने के आदेश हुए।
एसएससी की ओर से देशभर में एलडीसी की परीक्षा आयोजित की गई थी। सीआईए-2 स्टॉफ को परीक्षा शुरू होने से पहले ही सूचना मिल गई थी कि दो युवकों के पास पेपर की आंसर की है और वह इसे व्हाट्सअप के जरिए अपने क्लाइंट को भेजेंगे। ऐसे में टीम के सदस्य सुबह से ही आरोपियों की लोकेशन तलाशने में जुट गए।
इस बीच देर रात एएसआई अनेश को सूचना मिली कि दोनों आरोपी बोहर नाके पर कार में बैठे हैं। सीआईए टीम ने तत्काल वहां छापा मारा और दोनों को दबोच लिया। इनकी पहचान महम के गांव किशनगढ़ निवासी दिलबाग सिंह और मदीना के नवीन सिंह के रूप में हुई है।
टीम इंचार्ज राकेश सैनी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल और एक कार बरामद की है। जब इनके मोबाइल की जांच पड़ताल की गई तो उसमें एसएससी के पेपर की आंसर की निकली। इस उन्होंने अलग-अलग जगह अपने क्लाइंट को शेयर कर रखा था।
16 अभ्यर्थियों को भेजी आंसर की: एएसआई अनेश ने बताया कि दिलबाग ने 13 और नवीन ने 3 अभ्यर्थियों के साथ आंसर की उपलब्ध करवाने का सौदा किया था। दिलबाग ने सुबह की पारी के पेपर में ही अपने सभी क्लाइंट को आंसर की व्हाट्सअप के जरिये भेज दी थी। जबकि नवीन ने सुबह और शाम दोनों पारी में होने वाले पेपर की आंसर की अपने क्लाइंट को भेजी।