खरड़ के गांव घंडूआ में हुई वारदात
एटीएम लुटेरों के निशाने पर हैं, इसके बावजूद इनकी सुरक्षा के लिए बंदोबस्त नहीं किए जा रहे हैं। गांव घडुआं में शनिवार रात लुटेरे पीएनबीके एटीएम को काटकर आठ लाख 48 हजार रुपये लूटकर ले गए। क्रूज कार में सवार होकर आए लुटेरे गैस कटर लाए थे। लूट से पहले उन्होंने वहां भौंक रहे कुत्तों को नशीली चीज खिलाकर बेहोश कर दिया। सुबह गांव वालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
मिली जानकारी के मुुताबिक, आरोपी रात करीब ढाई बजे गांव में कार से पहुंचे थे। लेकिन उन्हें देखकर एटीएम के पास लावारिस कुत्ते भौंक रहे थे। ऐसे में उन्हें डर था कि गांव वाले जाग जाएंगे। इसलिए वह वहां से कार में वापस चले गए। इसके बाद पौने 3 बजे दोबारा आए। उन्होंने कुत्तों को कोई नशे की चीज खिला दी, जिससे सभी कुत्ते बेहोश हो गए। उसके बाद आराम से गैस कटर की मदद से घटना को 20 मिनट में अंजाम दिया था। बता दें कि पिछले महीने भी दप्पर में पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम लूट लिया गया था।
हूटर की तारें काटकर कैमरों पर किया ब्लैक स्प्रे
लुटेरों ने पहले एटीएम के बाहर लगे हूटर की तारें काट दी थीं। फिर गैस कटर से एटीएम का शटर काटा। अंदर के सीसीटीवी कैमरों पर ब्लैक रंग का स्प्रे कर उन्हें तोड़ दिया।
लोगों ने सुबह दी मैनेजर को सूचना
बैंक मैनेजर महेश मान ने बताया कि सुबह लोगों ने फोन करके उन्हें लूट की सूचना दी। इसके बाद उन्होंने कैशियर को बताया और पुलिस को भी फोन करके सूचना दी। यहां जांच के लिए चंडीगढ़ से भी बैंक के सीनियर अधिकारी पहुंचे थे। पता चला है कि शाम को ही नौ लाख रुपये लोड़ किए थे। इसमें से 8.48 लाख लूटे गए हैं।
एटीएम में था सुरक्षा का अभाव
खरड़ के डीएसपी-1 पाल सिंह और थाना घडुआं के एसएचओ कैलाश बहादुर की सूचना पर पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर जांच की। आसपास के सीसीटीवी की जांच की जा रही है। यहां कोई सुरक्षा गार्ड नहीं था।
किसी भेदी का काम, रेकी की गई
गांव घडुआं इस एटीएम लूट से यह साफ है कि यह किसी भेदी का काम है। उसे इस एरिया की पूरी जानकारी थी। वहीं, उसने इलाके की पूरी रेकी की हुई थी। यहां नजदीक ही एक नामी शिक्षण संस्थान है और कई छात्र आसपास ही पीजी में भी रहते हैं।