इंटरनेट पर रिज्यूम डालने से पहले सावधान
- फोटो : Demo Pic
हम अक्सर नौकरी की तलाश में इंटरनेट पर अपना रिज्यूम अपलोड करते है और किसी बड़े ऑफर का इंतजार करते है। ऐसा करना इस महिला को भारी पड़ गया। माजरी निवासी मोनिका ऐसे ज़ाल में फंसी कि अपने साढ़े पांच लाख रुपये गंवा बैठी। थाना सदर की पुलिस ने मोनिका की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मोनिका के मुताबिक उसने नर्सिग का कोर्स किया हुआ है। अमेरिका (यूएसए) जाने के लिए उसने छह-सात महीने पहले अपना रिज्यूम नेट पर डाला था। गत 15 अक्टूबर को उसके पास यूएसए के नंबर से एक कॉल आई थी, जिसमें उसे कहा गया कि उसका रिज्यूम सेलेक्ट हो गया है। उसे एक ई-मेल आइडी देकर कहा गया कि वह अपना रिज्यूम उस आइडी पर डाले। उसने रिज्यूम उस मेल आइडी पर डाल दिया।
उसी दिन शाम को उसके पास फिर फोन आया कि वो यूएसए की एक फार्मास्यूटिकल कंपनी के लिए सिलेक्ट हो गई है और उसे उसी आइडी पर नियुक्ति पत्र भेजा गया। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद जब उसने उक्त कंपनी के किसी अधिकारी या कर्मचारी से मिलने की इच्छा जताई तो उसे कहा गया कि भारत में वह उनकी कंपनी के प्रतिनिधि से संपर्क करे। मोनिका को एक मोबाइल नंबर देकर कहा गया कि वह उससे संपर्क करे तो वो उसे सारी प्रक्रिया बता देगा।