चंडीगढ़ में रविवार को अलग-अलग स्कूलों में हुई नवोदय विद्यालय भर्ती परीक्षा के दौरान परीक्षा में पकड़ी गई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। एक उम्मीदवार से परीक्षा पास करवाने के लिए 8 लाख से 18 लाख में सौदा हुआ था।
वहीं सेक्टर 40 स्थित श्री गुरु हरकृष्ण सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में पकड़े गए 12 आरोपियों में जींद की राखी मास्टरमाइंड बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि राखी डमी केंडिडेट बनकर बैठी थी। उसका परीक्षा में बैठकर केवल पेपर को आउट करने का मकसद था। सेक्टर 39 थाना पुलिस ने राखी से बरामद हुई पेपर स्कैन करने वाली डिवाइज कब्जे में ली है।
बता दें कि चंडीगढ़ पुलिस ने नवोदय विद्यालय भर्ती में फर्जीवाड़ा करने के मामले में चार युवतियों समेत 17 युवकों को गिरफ्तार किया थ। जिसमें 15 आरोपियों के पास से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद हुई जबकि एक युवक और युवती दूसरी की जगह परीक्षा देते हुए पकड़े गए थे।
परीक्षा करवाने वालों की तलाश में छापेमारी कर रही पुलिस
आरोपियों ने डिवाइस को कपड़ों में सिलवा रखा था। कुछ ने कॉलर के नीचे तो कुछ ने अंडर गारमेंट्स में छिपाया हुआ था। परीक्षा के दौरान आरोपियों ने ब्लूटुथ को कान में लगा रखा था। ब्लूटुथ इतनी बारीक थी कि किसी को देखने से भी नजर नहीं आ रही थी। परीक्षक को आरोपियों की एक्टिविटी से शक हुआ। आरोपी ब्लूटुथ के माध्यम से किसी से बात कर रहे थे। पुलिस परीक्षा करवाने वाले शातिरों की तलाश में हरियाणा में छापेमारी कर रही है। सूत्रों ने बताया कि आरोपियों की लॉकेशन बार बार बदल रही है।
बहन भाई को गेट पर मिले थे शातिर
सेक्टर-39 थाना पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ सोनीपत के गांव मंठौथी निवासी प्रिक्षित (24), जींद निवासी सोहन (30), सोनीपत के गांव थाना कलां निवासी साहिल (25), सोनीपत के नीरज (22), रोहत निवासी विकास (23), दिल्ली निवासी योगेश (26), सोनीपत के गोहानी निवासी मोहित (24), मोहिंद्रगढ़ की रहने वाली मनोज कुमारी (25), और स्नेहा (27), सोनीपत के संदीप (25) और जींद की युवती राखी (21) को गिरफ्तार किया था।
सूत्रों ने बताया कि स्नेहा और उसका भाई भी सेक्टर 40 में परीक्षा देने आए थे। उन्हें गेट पर ही दो शातिर मिले थे, जिन्होंने परीक्षा पास करवाने के लिए सौदेबाजी की। आरोपियों ने एडवांस के तौर पर 8 से 10 हजार रुपये लिए थे। जिसके बाद उन्हें गेट पर ही इलेक्ट्रोनिक डिवाइस पकड़ा दी गई।