नेशनल शूटर सुखमनप्रीत सिंह सिद्धू उर्फ सिप्पी मर्डर केस में जज की बेटी से पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए। क्राइम ब्रांच ने तीन घंटे पूछताछ की। पूछताछ में जज की बेटी ने सिप्पी से अच्छी दोस्ती होने की बात कबूली है, लेकिन हत्या में शामिल होने की बात से इनकार किया। जज की बेटी शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे आई। पूछताछ टीम में एसएसपी सहित तीन अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने दोपहर करीब एक बजे तक उससे पूछताछ की।
कई सवालों पर उलझी
सूत्रों के अनुसार पुलिस पूछताछ में जज की बेटी ने कई सवालों का जवाब दिए। लेकिन, वह कई सवालों के जवाब में उलझ भी गई। पुलिस ने सिप्पी से उसके संबंध व सिप्पी मर्डर से संबंधित सवालों की फाइल पहले से तैयार कर ली थी।
पुलिस को मिले अहम सुराग
पुलिस सूत्रों का मानें तो युवती से पूछताछ के बाद पुलिस को हत्या से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। वहीं, पुलिस सिप्पी का मर्डर करने वाले आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है। इसके बाद पुलिस आरोपियों को कभी भी गिरफ्तार कर सकती है। हालांकि, इस सवाल पर कोई पुलिस अधिकारी बोलने की हिम्मत नही जुटा पा रहा है।
मामले में जज की बेटी का रोल था संदिग्ध
सिप्पी मर्डर के बाद सीसीटीवी, मोबाइल, ईमेल व अज्ञात नंबरों के कॉल के आने के बाद जज की बेटी की भूमिका संदिग्ध रूप से सामने आई थी। इसके बाद पुलिस उससे पूछताछ करने की तैयारी में जुटी थी। वहीं, आईजी आरपी उपाध्याय बीते मंगलवार को चीफ जस्टिस से मिल चुके थे। सूत्रों की मानें तो आईजी सिप्पी हत्याकांड के संबंध में मिलकर जांच के कुछ सबूत रखे थे। हालांकि, आईजी ने बताया कि वह चीफ जस्टिस से रूटीन में मिलने जाते रहते हैं।
जज की बेटी से पूछे गए अन्य सवाल
पुलिस सूत्रों के अनुसार जज की बेटी से केस से जुड़े कई अन्य सवाल पूछे गए। जैसे कि मर्डर की रात आप कहां थीं? इससे पहले सिप्पी से कब संपर्क हुआ था? सिप्पी से आपकी कोई अनबन चल रही थी? लेकिन, इन सवालों के जवाब पुलिस की डायरी में कैद हैं। इन सवालों पर कोई भी पुलिस अधिकारी बोलने से कतरा रहा है। लेकिन, उनका कहना है कि पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी।
दोबारा से होगी पूछताछ
पुलिस सूत्रों के मुताबिक जज की बेटी से लंबी पूछताछ के बावजूद कई अहम सवाल नहीं हो पाए। जबकि, पुलिस द्वारा तैयार सवालों के पूछताछ के लिए जल्द ही जज की बेटी को दोबारा बुलाया जा सकता है।
ऐसे हुई पूछताछ, ये सवाल पूछे गए
सवाल: सिप्पी को कितने सालों से जानती हो?
जवाब: सिप्पी से कुछ सालों पहले दोस्ती हुई थी, ठीक से याद नहीं है।
सवाल: सिप्पी से आपके कैसे संबंध थे?
जवाब: सिप्पी मेरा एक बहुत अच्छा दोस्त था।
सवाल: सिप्पी के बारे में कितना जानती हैं?
जवाब: सिप्पी मेरा दोस्ता था। जितना एक दोस्त दूसरे दोस्त के बारे में जानता है। हां मुझे यह पता है कि सिप्पी एक अच्छा इंसान था।
सवाल: सिप्पी मर्डर के बारे में कैसे जानकारी मिली?
जवाब: शहर में चर्चा होने के बाद दूसरे दिन मुझे भी जानकारी मिली। सिप्पी के मर्डर की खबर पर मुझे भी भरोसा नही हो रहा था।
सवाल: सिप्पी के लैपटॉप में आपकी फोटो मिली है?
जवाब: मैंने पहले बताया है कि सिप्पी मेरा अच्छा दोस्त था। लैपटॉप में फोटो बारे में मुझे जानकारी नहीं है।
सवाल: सिप्पी मर्डर में उसके किसी दोस्त का हाथ हो सकता है?
जवाब: सिप्पी के किसी ऐसी दोस्त के बारे में मुझे जानकारी नहीं है।
सवाल: सिप्पी का मर्डर हुआ इस दौरान पहले से आपका मोबाइल क्यों बंद था?
जवाब: मैंने ऐसे ही मोबाइल बंद रखा था। क्योंकि, मेरा मोबाइल खराब था।
यह है मामला
20 सितंबर रविवार देर रात सेक्टर 27 में स्थित पार्क के अंदर सुप्रीम कोर्ट के वकील और नेशनल शूटर मोहाली निवासी सुखमनप्रीत सिंह सिद्धू का शव पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया था। उसके शरीर पर चार गोलियां मारी गई थीं। जिसके कारण सुखमनप्रीत की मौके पर ही मौत हो गई थी। चंडीगढ़ पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।