पंजाब में रिश्तों का कत्ल होने के दो ऐसे मामले सामने आए हैं, जिसमें एक जगह पति का कत्ल किया गया तो दूसरी जगह पत्नी का। पहली घटना में मुक्तसर के गांव काउणी में बुधवार देर रात को चरित्र पर संदेह के चलते एक पति ने अपनी पत्नी का तेजधार हथियार से कत्ल कर दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। थाना कोटभाई पुलिस ने इस मामले में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसके पिता को उसकी माता के चरित्र पर संदेह था। उसे शक था कि उसकी पत्नी के उसके जीजा से अवैध संबंध हैं। इसे लेकर उसके माता-पिता अकसर लड़ाई झगड़ा करते रहते थे। बुधवार शाम को भी उक्त व्यक्ति उनके घर आया हुआ था। इस दौरान ही उसके माता-पिता में तकरार हो गई।
तकरार बढ़ते-बढ़ते बात हाथापाई तक पहुंच गई। इतने में ही आरोपी जगदीश सिंह ने घर में पड़े तेज हथियार से उसकी माता पर वार किए। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। थाना कोटभाई के प्रभारी जसविंदर सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है।
पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की थी पति की हत्या
हमले में गंभीर रूप से घायल हुई बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
- फोटो : Demo pic
बठिंडा के थाना सदर पुलिस ने मलकीत सिंह की हत्या के आरोप में पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान करमजीत कौर, उसके प्रेमी जग्गा सिंह और प्रेमी के दोस्त भोला सिंह के तौर पर हुई है। आरोपियों ने मलकीत सिंह की गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
छह मई को मलकीत सिंह निवासी बीड तलाब का घर में शव बरामद हुआ था। उसके शरीर पर चोटों के निशान भी थे। थाना सदर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। जब पुलिस ने मृतक मलकीत सिंह की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल किया। आरोपी करमजीत कौर ने पुलिस को बताया कि उसके और जग्गा सिंह के प्रेम संबंध थे, जिसके बारे में उसके पति को जानकारी थी।
इसके चलते उसने अपने प्रेमी जग्गा सिंह और उसके दोस्त भोला सिंह से मिलकर मलकीत सिंह की गला दबाकर हत्या कर दी। थाना सदर प्रभारी जसवीर सिंह का कहना था कि मुख्य आरोपी मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी भोला सिंह की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।