पंजाब के लुधियाना में चार महीने पहले एक शव मिला था। मगर अब इस मामले में जो खुलासा हुआ... वह होश उड़ा देने वाला है। दरअसल, व्यक्ति की हादसे में मौत नहीं हुई थी बल्कि उसके दोस्त ने उसे मौत के घाट उतारा था। आरोपी ने वारदात में धारदार हथियार का इस्तेमाल किया।
मृतक की पहचान गुड्डू के रूप में हुई थी। मामूली कहासुनी के बाद आरोपी ने हत्या करने के बाद शव को नूरवाला रोड इलाके के एक प्लाट में फेंक दिया था। आरोपी दोस्त बेहद शातिर है। वारदात को अंजाम देने के बाद वह परिवार वालों के साथ शव को भी ढूंढ रहा था। मिलने के बाद पोस्टमार्टम भी कराया। आरोपी शव को लेकर गांव भी गया और इसके बाद लुधियाना नहीं लौटा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुली पोल
वारदात का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ। रिपोर्ट में धारदार हथियार के इस्तेमाल होने का खुलासा हुआ। इसके बाद थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस ने जांच की और इस मामले में पटना के गांव हल्ती छपरा निवासी राहुल उर्फ बूटा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
थाना बस्ती जोधेवाल के एसएचओ गुरमुख सिंह ने बताया कि मृतक गुड्डू कुमार अपने चाचा के पास नूरवाला रोड स्थित दशमेशपुरी इलाके में किराये के कमरे में रहता था। आरोपी राहुल भी वहीं रहता था। राहुल और गुड्डू अच्छे दोस्त थे। करीब चार महीने पहले गुड्डू और राहुल के बीच किसी बात पर झगड़ा हुआ। इसके बाद गुड्डू अचानक घर से गायब हो गया। उसके चाचा और साथियों ने ढूंढा तो किसी को कुछ पता नहीं चला।
आरोपी राहुल भी उनके साथ गुड्डू को ढूंढने का ड्रामा करता रहा। दो दिन बाद गुड्डू का शव प्लॉट में मिला था। उस समय आशंका यह जताई गई थी कि गिरने की वजह से गुड्डू की मौत हुई है। पुलिस ने 174 की कार्रवाई करने के बाद शव परिवार को सौंप दिया था। आरोपी राहुल भी परिवार के साथ बिहार चला गया। आरोपी राहुल मृतक गुड्डू के पड़ोस के गांव का रहने वाला है।
पुलिस टीम बिहार रवाना
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा होने के बाद पुलिस ने परिवार से संपर्क किया। इसके बाद पिता ने जानकारी की तो पता चला कि राहुल और गुड्डू के बीच झगड़ा हुआ था और उसी ने गुड्डू की हत्या की है। एसएचओ गुरमुख सिंह ने बताया कि आरोपी राहुल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उसे गिरफ्तार करने एक टीम बिहार रवाना हो चुकी है।