मोहाली फेज 11 के समीप स्थित सर्विस स्टेशन पर सोमवार रात कार धुलवाने आए एक युवक पर सात युवकों ने धारधार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक पर धारधार हथियारों से एक के बाद एक 25-30 वार किए।
विज्ञापन
इसके बाद हमलावर फरार हो गए। गंभीर हालत में युवक को जीएमसीएच-32 ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। पीजीआई में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक के परिजनों और रिश्तेदारों का आरोप है कि 30 अप्रैल को लोकसभा चुनाव में वोटिंग के दौरान उसका झगड़ा हुआ था।
उसी रंजिश का बदला लेने के लिए युवकों ने हमला किया है। पुलिस ने परिजनों और चश्मदीद लोगों के बयान पर सात युवकों के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
विज्ञापन
बचाने आए दोस्तों और चाचा पर तान दी पिस्तौल
मोहाली एयरोसिटी के पास स्याहू गांव में रहने वाला 26 वर्षीय गुरजंट सिंह खेतीबाड़ी करता है। सोमवार शाम वह दो दोस्तों के साथ फेज-11 के पास स्थित एक सर्विस सेंटर में कार धुलवाने गया था। सर्विस सेंटर में बैठकर वह दोस्तों से बातचीत कर रहा था कि तभी दो कारों में सवार होकर नौ युवक वहां पहुंचे।
कार से उतरते ही युवकों ने गुरजंट पर धारधार हथियारों से हमला बोल दिया। हमलावरों से गुरजंट के सिर, पेट और हाथ पर अंधाधुंध वार किए। उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उन पर पिस्टल तान दी गई। पास से ही गुजर रहे गुरजंट के चाचा भी उसे बचाने आए, लेकिन उन्हें भी जान की धमकी देकर रोक लिया।
20 मिनट तक चले इस खूनी खेल के बाद हमलावर फरार हो गए। इसके बाद उसके दोस्त और चाचा गुरजंट को खून से लथपथ हालत में जीएमसीएच-32 ले गए।
वहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई में इलाज के दौरान गुरजंट ने दम तोड़ दिया।
चुनाव के दौरान हुआ था झगड़ा
सोहाना थाना के एसएचओ के मुताबिक 30 अप्रैल को लोकसभा चुनाव की वोटिंग के दौरान गुरजंट का दूसरे गुट से झगड़ा हुआ था। इसमें गुरजंट ने दूसरे गुट के लोगों को पीटा था। इस मामले में मटौर थाने में गुरजंट व उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुई थी। पुलिस के अनुसार मामला चुनावी रंजिश का है।
बताया जा रहा है कि दूसरा गुट भी अकाली दल से जुड़ा था। हमलावरों में कुलदीप सिंह उर्फ दीप सिंह, सुखप्रीत सिंह रोडा, दलबीर सिंह दल्ली निवासी धर्मगढ़, हरप्रीत सिंह बाकरपुर, रूपिंदर सिंह गांव लांडरां, गौरव पटियाला व लक्की खुडा अलिशेर शामिल है। सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, जानकाकरी के मुताबिक रूपिंदर का भाई जतिंदर सौदागर मर्डर केस में जेल में है। हत्याकांड की सूचना सोहाना पुलिस को सुबह दी गई, जबकि वारदात सोमवार रात की है। सूचना मिलने पर पुलिस पीजीआई पहुंची और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए। दोपहर ढाई बजे तक पुलिस एफआईआर ही दर्ज करती रही। दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।
गुरजंट घर का इकलौता बेटा था। सेक्टर-46 कॉलेज से बीए करने के बाद उसने मेकेनिकल फील्ड से डिप्लोमा किया। डिप्लोमा के बाद उसने नौकरी नहीं की, बल्कि खेतीबाड़ी ही करने लगा।
साथ ही वह अकाली पार्टी से जुड़ गया। वह कबड्डी का अच्छा खिलाड़ी था और कई टूर्नामेंट में हिस्सा लेता था। घर पर उसके बूढ़े मां-बाप और एक बहन है। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। घर का खर्चा खेतीबाड़ी में हुई कमाई से ही चलता है। दोस्तों ने बताया कि गुरजंट के माता-पिता काफी बूढ़े हैं और अकसर बीमार रहते हैं।