पंचायत चुनाव में नामांकन के पहले ही दिन बड़ी वारदात। अज्ञात हत्यारों ने निवर्तमान सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात हरियाणा के रोहतक में घटी जहां भराण के सरपंच (निवर्तमान) कप्तान सिंह उर्फ कप्पे की बंद कार में गोली मारकर हत्या कर दी गई।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि गोली कार में पीछे वाली सीट पर बैठे सरपंच के दोस्तों ने ही मारी है। गोली सरपंच की गर्दन और सिर में मारी गई हैं। कार से खून बहने पर वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। परिजनों ने किसी पर भी शक नहीं जताया है।
गाड़ी के शीशे पर कहीं भी गोली के निशान नहीं है। सवाल ये भी है कि दोस्तों ने गोली मारी या सरपंच की अपहरण के बाद हत्या की गई। वारदात मंगलवार दोपहर मदीना आईटीआई और सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सामने अंजाम दी गई। पुलिस के मुताबिक सरपंच कप्तान सिंह सुबह 11 बजे घर से अपनी कार में किसी दोस्त से मिलने के लिए निकले थे।
सरपंच के पास उनकी लाइसेंसी रिवाल्वर भी थी। 12 बजे कप्तान ने अपने छोटे भाई नरेश के मोबाइल पर फोन किया कि कोई उन्हें रुपये देने आएगा। फिर परिवार के किसी भी सदस्य से उनका संपर्क नहीं हुआ। दोपहर करीब 1 बजे नरेश के पास पुलिस का फोन आया कि मदीना में आईटीआई के सामने सरपंच की कार में ही किसी ने गोली मारकर हत्या कर दी।
तब नरेश व एक उनका रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। यहां देखा तो कप्पे चालक सीट पर खून से लथपथ पड़े थे। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई पहुंची। सरपंच के दो बेटे हैं और दोनों पढ़ाई करते हैं।
कार से खून बहता देख निकली बच्चों की चीख
जैसे ही आईटीआई और स्कूल में छुट्टी के बाद बच्चे बाहर निकले तो कार में ड्राइवर साइड से खून बह रहा था। खून बहता देख बच्चों की चीख निकल गई। बच्चों में अफरातफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो सरपंच की गर्दन स्टेयरिंग पर झुकी हुई थी और उनकी गर्दन से खून बह रहा था। पुलिस ने आईटीआई के कुछ बच्चों से पूछताछ की। बच्चों ने बताया कि हमने कार से तीन युवकों को बाहर निकलते देखा था।