पटियाला के थाना भादसों के अधीन पड़ते गांव मांगेवाल में 45 साल के राजमिस्त्री की हत्या कर दी गई। उसके सिर पर पशुओं को बांधने वाले खूंटे से कई वार किए गए हैं जिससे राजमिस्त्री के सिर की हड्डी टूट गई थी। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
चमकौर सिंह निवासी गांव मांगेवाल ने पुलिस को बयान दिया है कि उसका भाई बलविंदर सिंह (45) 1 जनवरी 2019 को सुबह करीब सात बजे दिहाड़ी पर काम करने के लिए गांव कलर माजरी गया था। बाद में वह घर नहीं लौटा। बलविंदर सिंह की काफी तलाश की गई लेकिन कुछ पता नहीं चला। बुधवार रात सवा आठ बजे चमकौर सिंह को किसी ने सूचना दी कि उसके भाई का शव गांव मांगेवाल के ही रहने वाले कुलवंत सिंह के खेतों में पड़ा है।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची तो वहां बलविंदर सिंह का शव खून से लथपथ पड़ा था। पास ही खून से सना पशुओं को बांधने वाला खूंटा पड़ा था। पुलिस के मुताबिक खूंटे से बलविंदर सिंह के सिर पर कई वार किए गए थे जिससे खूंटा टूट गया था।
साथ ही बलविंदर सिंह के सिर की हड्डी भी टूट गई थी। पुलिस के मुताबिक राजमिस्त्री के परिवार वालों का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है। अभी कातिल का कोई सुराग नहीं लग सका है।