बहन से शादी की तो नाराज युवक ने दोस्त का कत्ल किया
- फोटो : अमर उजाला
बहन से शादी करने से नाराज युवक ने बदला लेने के लिए दोस्त की बीच सड़क पर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच चल रही है। जानकारी केअनुसार आरोपी की पहचान पंचकूला के राजीव कालोनी निवासी शहबाज (19) के रूप में हुई है। शनिवार सुबह करीब 6 बजे शहबाज ने मोहम्मद इरफान (21) पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि पंचकूला के सेक्टर 17 राजीव कॉलोनी निवासी मोहम्मद इरफान और शहबाज मौली जागरां में एक मीट की दुकान पर काम करते है। इरफान दुकान पर मीट काटने का काम करता था, जबकि शहबाज मीट सप्लाई करता था। पुलिस के मुताबिक एक समय दोनों अच्छे दोस्त थे। 15 दिन पहले ही इरफान ने शहबाज की बहन के साथ भाग कर शादी कर ली थी। तभी से शहबाज उससे नाराज था। शनिवार सुबह जब इरफान दुकान पर आ रहा था तो शहबाज ने बीच सड़क पर उस पर चाकू से हमला कर दिया।
आरोपी ने मोहम्मद इरफान के सिर , पेट व हाथों पर सात जगह वार किए और मौकेसे भाग गया। इसके बाद लोगों ने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पीसीआर घायल इरफान को जीएमसीएच 32 लेकर गई जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मीट शॉप के मालिक मोहम्मद चांद की शिकायत पर आरोपी शहबाज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस रविवार को आरोपी को जिला अदालत में पेश करेगी।