डड्डूमाजरा से धनास जाने वाली सड़क के किनारे जंगलों में शनिवार को मिले युवक के श्ाव के गर्दन पर तेजधार हथियार से 20 और पेट पर 19 वार किए गए हैं।
मृतक की शिनाख्त देसराज (30) के रूप में हुई है जो कि धनास में पुनर्वास योजना के तहत बनी सोसाइटी के मकान में रहता था। परिजनों ने तीन दिन पहले धनास पुलिस चौकी में युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
पुलिस के अनुसार देसराज पर छोटे चाकू से वार किए गए हैं। हत्या में एक से ज्यादा लोगों का हाथ सकता है। सूचना मिलने पर एसएसपी डॉ. सुखचैन सिंह गिल, सेक्टर-11 थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्कवायड मौके पर पहुंची।
एसएसपी ने मामले की जांच की जिम्मेवारी थाना पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच को सौंपी है। पुलिस ने इस मामले में कुछ युवकों को हिरासत में लिया है।
रात को ही की गई है हत्या
पुलिस संभावना जता रही है कि हत्या शुक्रवार देर रात को हुई है। घटनास्थल पर पुलिस को कुछ कूड़ा भी गिरा हुआ मिला है।
मालूम हो कि रात के समय यह सड़क सुनसान होती है। अंधेरा ज्यादा होने के कारण रात के समय इस सड़क से लोग जाने से भी कतराते हैं।
धनास के रहने वाले हरभजन सिंह ने बताया कि वह शनिवार सुबह जंगलों के पास टहल रहा था। अचानक वहां उन्होंने कुछ महिलाओं को देखा। वे सभी कूड़े के ढेर में शव को देख रहे थे। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
10 मिनट में आने को कह कर गया था
पुलिस के अनुसार परिजनों ने बताया कि देसराज पलंबर का काम करता था। युवक शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। देसराज की पत्नी के अनुसार 2 जनवरी की शाम से उसका पति गायब है।
घर कह कर गया था कि दस मिनट में वापस आ रहा है। अभी दिसंबर माह में ही देसराज परिवार सहित कालोनी नंबर-5 से धनास में शिफ्ट हुआ था।
एसएसपी सुखचैन सिंह गिल ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही अरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।