हत्या और लूट की कई वारदातों में शामिल रहे एक पेशेवर अपराधी को आपरेशन सेल ने रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर कैंबवाला रोड पर नाका लगाकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान पंजाब के राजपुरा निवासी नरेंद्र सिंह के रूप में हुई है जो कि पंजाब पुलिस में वांटेड है। पुलिस आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश करेगी।
पुलिस को उम्मीद है कि गिरफ्तार आरोपी से शहर की कई वारदातें सुलझ सकती है। पुलिस खुड्डा अलीशेर में कैश वैन से लूटे गए 5 लाख रुपये की नकदी और सेक्टर-43 से हरियाणा के विधि विभाग के अवर सचिव के अपहरण के बाद लूटी गई कार के मामलों में भी आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को जिस समय गिरफ्तार किया गया उस समय वह इंडिका कार में सवार था जो कि कैंबवाला की तरफ से शहर में दाखिल हो रहा था। पुलिस ने आरोपी से एक अवैध तरीके से रखी 32 बोर की पिस्तौल और पांच कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार साल 2004 में आरोपी ने मोहाली में एक महिला हरजीत कौर की हत्या की थी। इसके अलावा आरोपी साल 2009 में गोबिंदगढ़ की दो लूट की वारदातों में गिरफ्तार भी हो चुका है। आरोपी ने उस समय नकदी लूटने के लिए गन भी चलाई थी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी नरेंद्र सिंह साल 2014 अप्रैल में हुई वारदातों में वांटेड है।
इनमें अप्रैल माह में हुई वारदात में आरोपी ने अपने दो साथियों जगदीप सिंह और हरजिंद्र सिंह उर्फ बिला के साथ मुलापुरा गांव में एक आभूषण विक्रेता पर गोली चलाकर उससे आभूषण और नकदी लूटी थी। जबकि मई 2014 में जब पुलिस पार्टी ने डेराबस्सी में संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो इन आरोपियों ने पुलिस कर्मचारियों पर गोलीबारी कर दी थी।
उस समय पुलिस ने नरेंद्र सिंह के अलावा अन्य दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन आरोपी नरेंद्र सिंह फरार होने में कामयाब हो गए थे। आपरेशन सेल के अनुसार गिरफ्तार आरोपी से यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि जब से वह फरार है तब से लेकर अब तक कौन कौन सी वारदातों को अंजाम दिया है।