आईटीआई कॉलेज में एडमिशन लेने आई छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोपियों ने छात्रा पर दोस्ती का दबाव बनाते हुए हाथ मिलाने का प्रयास किया। विरोध करने पर भाई और उसके दोस्त पर जानलेवा हमला कर दिया।
जिसमें दोस्त का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पीजीआई में भर्ती कराया गया है। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला का केस दर्ज किया है।
घटना 28 जुलाई की है। बोहर निवासी एक छात्रा आईटीआई में अपने भाई और भाई के दोस्त के साथ एडमिशन के लिए आई थी। छात्रा के भाई ने बताया कि वह प्रिंसीपल के कमरे में गए थे। कुछ देर बाद पढ़ाई के दस्तावेजों की फोटो कापी करवाने के लिए छात्रा का भाई और उसका दोस्त दुकान पर चले गए। जब लौटे तो तीन-चार युवक बहन से छेड़छाड़ कर रहे थे।
विरोध पर आरोपियों ने धक्का दे दिया। मामला बढ़ गया। इसके बाद एक युवक ने छात्रा के भाई के दोस्त सुखबीर की जांघ और कूल्हे में चाकू से वार कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
भाई के पीछे भी दौड़े चाकू लेकर: आरोपियों ने जब सुखबीर पर हमला किया तो वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी छात्रा के भाई पर भी हमला करने के लिए दौड़े। छात्रा के भाई ने बताया कि उसने सुखबीर पर हमला होने के बाद नीचे की तरफ भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। आरोपियों ने सीढ़ियों तक छात्रा के भाई का पीछा किया।