भोपाल से सोनीपत आ रही मालवा एक्सप्रेस ट्रेन में युवती से एक युवक ने रातभर छेड़छाड़ की। युवक ने अपना मोबाइल नंबर देकर बातचीत के लिए दबाव बनाया। युवती के शोर मचाने पर यात्रियों ने युवक को पकड़ लिया। लेकिन टीटी को बुलाने के बाद युवक आगरा स्टेशन पर चमका देकर भाग निकला। युवती की शिकायत पर सोनीपत जीआरपी ने जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच भोपाल जीआरपी को भेजी है।
भोपाल निवासी 27 वर्षीय युवती ने जीआरपी को दी शिकायत में बताया कि वह सोनीपत की एक निजी कंपनी में कार्यरत है। सात फरवरी को वह भोपाल गई थी। 10 फरवरी को शाम साढ़े पांच बजे मालवा एक्सप्रेस ट्रेन से सोनीपत आ रही थी। आरोप है कि ट्रेन में उसके सामने वाली सीट पर बैठे युवक ने उसे घूरना शुरू कर दिया।
परेशान होकर वह सीट पर लेटी तो युवक ने अपना मोबाइल नंबर लिखकर उसके सिर के पास रख दिया। वह फोन पर बात करने का दबाव बनाने लगा। जब वह सो गई तो युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। शोर मचाने पर दूसरे यात्री एकत्रित हुए तो उसे पकड़ लिया। टीटी अनिल कुमार के सामने युवक ने अपनी पहचान राजेश सिंह के रूप में दी। सोनीपत जीआरपी थाने के प्रभारी अशोक लाकड़ा ने बताया कि युवती की शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए जीआरपी भोपाल को भेजी गई है।