विजिलेंस ब्यूरो मोहाली की रूपनगर यूनिट ने वक्फ बोर्ड के रेंट कलेक्टर को एक लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ काबू किया। आरोपी की पहचान सलीम बहादुर के रूप में हुई है। विजिलेंस ब्यूरो मोहाली रेंज के एसएसपी परमजीत सिंह विर्क ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि आरोपी पर मुकदमा लुधियाना रेंज में रजिस्ट्रर किया गया है। गांव भरतगढ़ (रूपनगर) निवासी राजेश ने विजिलेंस ब्यूरो से इसकी शिकायत की थी। उसने बताया था कि गांव भरतगढ़ में पंजाब वक्फ बोर्ड के नाम 32 कनाल जमीन है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इसमें से छह मरले जमीन को लीज पर लेने के लिए उसने नौ मई 2018 को कार्य साधक अफसर पंजाब वक्फ बोर्ड रूपनगर के समक्ष अर्जी दी। कार्य साधक अफसर ने उसे रेंट कलेक्टर अफसर सलीम बहादुर से बातचीत करने के लिए कहा।
जब शिकायतकर्ता रेंट कलेक्टर सलीम बहादुर से मिला तो उसने ढाई लाख रुपये रिश्वत की मांग की। साथ ही आरोपी ने रिश्वत के रूप में एक लाख रुपये लेकर उसे अपने दफ्तर बुलाया। राजेश रिश्वत देकर अपना काम नहीं करवाना चाहता था। इसलिए उसने विजिलेंस ब्यूरो के दफ्तर आकर बयान लिखवाया।
बयान के आधार पर विजिलेंस ने केस दर्ज कर लिया। विजिलेंस ने पूरी प्लानिंग के तहत आरोपी को ट्रैप लगाकर उसे रंगे हाथ कैश लेते काबू कर लिया। विजिलेंस की टीम डीएसपी में राकेश कुमार, हरबंत सिंह, एच स्वर्ण सिंह, एच दर्शन सिंह शामिल है। एसएसपी परमजीत सिंह ने बताया अगर कोई भी व्यक्ति काम करवाने के बदले रिश्वत मांगता है। तो 1800 1800 1000 पर संपर्क किया जा सकता है।