चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर ज्योति होटल के पास मंगलवार रात अज्ञात कार की चपेट में आने से स्कूटी सवार पिता और उसकी आठ साल की बेटी की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका पांच साल का बेटा बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसके सिर पर गहरी चोट आई है। उसे जवाहरपुर स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे देवीनगर से अपनी एक्टिवा में पेट्रोल भरवाकर दीप चंद उर्फ दीपक रावत (30) हाल निवासी गुलाबगढ़ रोड अपनी 8 वर्षीय बेटी सिमरन और 5 वर्षीय बेटे पारस के साथ डेराबस्सी लौट रहा था। ज्योति होटल के पास पीछे से आ रही अज्ञात रिट्ज कार ने एक्टिवा में टक्कर मार दी। इससे एक्टिवा का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराने के बाद बीच सड़क पर दूर तक घिसटता हुआ चला गया।
हादसे में दीपक और उसके पीछे बैठी सिमरन का सिर डिवाइडर पर लगे लोहे के क्रैश बैरियर से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि सिमरन क्रैश बैरियर के बीचों बीच गिरी। एक्टिवा पर आगे खड़ा पारस भी छिटककर दूर सड़क पर जा गिरा। लोगों ने तीनों को इंडस अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने दीपक और उसकी बेटी को मृत घोषित कर दिया, जबकि पारस के सिर में गहरी चोट हैं। दीपक परिवार का इकलौता बेटा था। वह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल रहने वाला था, जबक यहां गुलाबगढ़ रोड पर सब्जी की दुकान करता था। पुलिस ने चश्मदीद यशोधर प्रसाद के बयान पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।