पंजाब के फिरोजपुर जिले में हैवानियत की वारदात सामने आई है। यहां रात को घर में घुसकर आरोपियों ने पति को पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया और उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित दंपती रात को अपने चार साल के बच्चे के साथ सो रहे थे। उक्त घटना भारत-पाक सीमा से सटे एक गांव की है। उधर, थाना सदर पुलिस ने बुधवार को पीड़िता के बयान पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्जकर आगे की जांच शुरू की है।
पीड़िता (38) ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि भारत-पाक सरहद से सटे एक गांव में उनका घर है। रात लगभग 11 बजे अपने पति और चार साल के बच्चे के साथ घर में सो रही थी। अचानक दीवार फांदकर चार लोग घर में घुस गए। दो आरोपी जबरदस्ती उसके पति को खींचकर एक कमरे में ले गए और बंद कर दिया, जबकि दो आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और घसीटकर उसे दूसरे कमरे में ले गए। वहां ले जाकर उक्त दोनों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने दो लोगों की पहचान की है जबकि दो लोगों की पहचान नहीं हो पाई है। उधर, थाना सदर पुलिस की सब-इंस्पेक्टर रजनी बाला के मुताबिक पीड़िता के बयान पर आरोपी जसविंदर सिंह और सिमरन सिंह समेत चार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़िता का सरकारी अस्पताल में मेडिकल करवाया है, सभी आरोपी फरार हैं। आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को काबू किया जाएगा।