बस्ती जिले में अपनी ही 13 साल की पोती से दुष्कर्म करने के आरोपी बाबा को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस घटना में मंगलवार शाम पुलिस ने आरोपी की पत्नी यानी पीड़िता की दादी की तहरीर पर पाक्सो, दुष्कर्म व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत की भनक लगने पर फरार हुए आरोपी लक्ष्मण विश्वकर्मा को परसा तिराहा के पास से बुधवार दोपहर साढ़े 12 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
शिकायत करने वाली पीड़िता की दादी ने बताया कि उसके बहू व बेटे यानी पीड़िता के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। वह अपने दादी व बाबा के साथ रहती है। आरोप है कि उसका बाबा घर पर उसके अकेले रहने वाले उसे डरा-धमकाकर जबरन उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
जानकारी होने से बावजूद पहले तो दादी लोकलाज से चुप रही और पति से दोबारा ऐसी हरकत न करने का दबाव बनाई लेकिन नहीं सुधरा। पीड़िता की दादी ने तहरीर में बताया है कि 19 अगस्त को वह कोविड का टीका लगवाने गई थी। लौटने पर पोती ने रोते-बिलखते हुए बताया कि घर पर अकेला पाकर उसके साथ बाबा ने जबरदस्ती दुष्कर्म किया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला सही मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्जकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के साथ हेड कांस्टेबल राजेश कुमार साहनी व कांस्टेबल जीवन प्रताप सिंह शामिल रहे।