वारदात के बाद जब महिला सड़क पर रो रही थी तो सिविल सचिवालय में एक होमगार्ड ने उसकी आवाज सुनी। इसके बाद होमगार्ड महिला के पास पहुंचा तो वारदात की जानकारी हुई। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। 112 नंबर पर कॉल करने के बाद गश्त कर रही पुलिस की एक टीम कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई। दुष्कर्म की वारदात से पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और सेक्टर-17 में ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी। आरोपी बस स्टैंड के पास एक पार्किंग में ऑटो में ही बैठा था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद दिल्ली से पीड़िता का पति भी चंडीगढ़ पहुंच गया।
चंडीगढ़ से अंजान थी पीड़िता, मोबाइल भी नहीं था
पीड़ित महिला मूलरूप से कोलकाता की है और दिल्ली में रहती है। पीड़िता अनपढ़ है, वह चंडीगढ़ से भी अंजान थी। उसके पास मोबाइल भी नहीं था और न वह किसी को जानती थी। पुलिस ने सोमवार को जिला अदालत में पीड़िता के 164 के बयान दर्ज करवाए। पुलिस ने पीड़िता का सेक्टर-16 के अस्पताल में मेडिकल करवाया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।
पहले भी हो चुकी ऑटो गैंगरेप की दो वारदातें
13 दिसंबर 2016: 21 वर्षीय लड़की के साथ ऑटो चालक व उसके साथी ने दुष्कर्म किया था। पीड़िता ने पिकाडली चौक से घर जाने के लिए ऑटो लिया था। ऑटो में पहले से दो लोग सवार थे। आरोपियों ने सेक्टर-29 स्लिप रोड जंगल के पास सुनसान जगह पर ऑटो खराब होने का बहाना बनाकर रोक लिया और ऑटो ठीक करने का नाटक करने लगे। इस दौरान ऑटो में बैठे आरोपी ने पीड़िता को धक्का मारा, जबकि दूसरे आरोपी ने चाकू दिखाकर धमकाना शुरू कर दिया। बाद में तीनों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपी पकड़े गए और आजीवन कारावास की सजा हुई।
27 अगस्त 2017: मोहाली निवासी युवती सेक्टर-37 से टाइपिंग क्लास से मोहाली लौट रही थी। उसने घर जाने के लिए ऑटो लिया। ऑटो में पहले से तीन आरोपी सवार थे। सेक्टर-53 में तीनों ने पीड़िता से सामूहिक दुष्कर्म किया था।
दिल्ली से चंडीगढ़ आई एक महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात हुई है। आरोपी ऑटो चालक को पुलिस ने एक घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। -रामगोपाल, डीएसपी, चंडीगढ़