युवक ने नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर किडनेप किया और मौसी के घर ले गया। वहां युवक ने उसके साथ दुराचार किया। मामला पंजाब के लुधियाना का है। दुराचार जैसी घिनौनी वारदात करने के बाद युवक ने उसे धमकी दी कि वह इस बारे में किसी को न बताए। उसके बाद आरोपी नाबालिग को उसके घर के पास छोड़ कर फरार हो गया।
लड़की अपने घर पहुंची और मामले की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने तुरंत इसकी जानकारी थाना डेहलों की पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित की मां की शिकायत पर गांव जगेड़ा के रहने वाले गुरप्रीत सिंह के खिलाफ अपहरण कर दुराचार करने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी को देर रात इलाके से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बुधवार अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उधर, पुलिस ने सिविल अस्पताल में पीड़ित नाबालिग की मेडिकल जांच कराई।