सतगुरु जगजीत सिंह की पत्नी माता चंद कौर के हत्यारों का 24 घंटे बाद भी सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस ने माता चंद कौर के साथ मौजूद सेवकों से पूछताछ के बाद मंगलवार को दो संदिग्ध लोगों के स्कैच जारी किए। प्रदेश के सभी थानों में यह स्कैच भेज दिए गए हैं।
पुलिस कमिश्नर लुधियाना और जांच टीम के सदस्य जतिंदर सिंह औलख ने बताया कि पुलिस ने फिलहाल हत्यारों के स्कैच जारी कर पंजाब के सभी थानों में भिजवा दिए हैं। अलग-अलग टीमें इस हत्याकांड के आरोपियों को काबू करने में लगी हुई है। फिलहाल कोई सुराग नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि घटना स्थान के आसपास कहीं भी कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं है। इस कारण पुलिस को घटनास्थल के चश्मदीदों के कहने पर स्कैच जारी किए गए हैं। पुलिस ने करतार सिंह के बयान पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
उधर प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा है कि माता चंद कौर के हत्यारों को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की पूरी जांच के लिए विशेष जांच टीम का गठन कर दिया गया है। जांच टीम शीघ्र ही अपनी रिपोर्ट सरकार को देगी। बादल मंगलवार को श्री भैणी साहिब में माता चंद कौर के अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे थे। उनके साथ शरणजीत सिंह ढिल्लों, डीसी रवि भगत, सीपी जतिंदर सिंह औलख समेत कई अधिकारी मौजूद थे।