धार्मिक स्थल से लौट रही नाबालिग छात्राओं से छेड़छाड़ करने के आरोपी को एक युवक ने लोगों की मदद से दबोच लिया। आरोपी बंटी के खिलाफ सेक्टर-31 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
रामदरबार निवासी संदीप ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि बुधवार सुबह रामदरबार स्थित एक धार्मिक स्थल से तीन छात्राएं घर की ओर जा रहीं थीं। इस दौरान आरोपी उनका पीछा करने लगा। इस पर एक नाबालिग ने रास्ते में सड़क किनारे खडे़ संदीप को इस बारे में बताया तो उसने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी भागने लगा।
संदीप ने हिम्मत कर उसका पीछा किया और उसे दबोच लिया।
उसने पीछा छुड़ाकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन तब तक वहां अन्य लोग पहुंच गए। इसके बाद लोगों ने आरोपी धुनाई शुरू कर दी। संदीप ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। सूचना पर पीसीआर और थाने से पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस जांच के दौरान आरोपी की पहचान बंटी के तौर पर हुई है। वह जीरकपुर का रहने वाला है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कई दिनों से नाबालिगों का पीछा कर रहा था और उन्हें परेशान करता था।