रोडवेज दफ्तर में बंधक बनाकर रखा गया युवक
- फोटो : अमर उजाला
जालंधर में बस स्टैंड स्थित रोडवेज के दफ्तर में हाईकोर्ट के वारंट अधिकारी ने छापामारी कर वहां जंजीरों से बंधे एक युवक को मुक्त करवाया। आलम नाम के युवक को रोडवेज के अधिकारी ने लोहे की जंजीरों से बांधकर बंधक बनाकर रखा था।
युवक के परिजनों ने हाईकोर्ट का सहारा लिया जिसके बाद वारंट अधिकारी भेजा गया। अधिकारी ने बस स्टैंड चौकी की पुलिस टीम को साथ लिया और अधिकारी के कार्यालय जाकर आलम को रिहा करवाया। आलम की हालत खराब है इसलिए उसे जालंधर के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
दुकानों को लेकर रोडवेज के जीएम का दुकानदारों से विवाद चल रहा था। मामला कोर्ट में विचाराधीन था। सोमवार सुबह दुकानों को लेकर बवाल हुआ। आरोप है कि रोडवेज के जीएम ने आलम को बंधक बना लिया था। इसकी शिकायत हाईकोर्ट में की गई तो वहां से एक वारंट अधिकारी भाग सिंह की नियुक्ति की गई। वारंट अधिकारी ने उसे रिहा करवाकर अस्प्ताल में दाखिल करवाया।