विजिलेंस ब्यूरो की तरफ से एक दिन पहले गिरफ्तार डीटीओ दफ्तर के दोनों एजेंटों बाज कुमार व संदीप शर्मा को बुधवार बाद दोपहर स्थानीय ड्यूटी मजिस्ट्रेट सतीश कुमार की अदालत में पेश किया। यहां से दोनों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
मंगलवार को विजिलेंस ब्यूरो ने नियमों की अनदेखी करके अपने करीबी को स्मार्ट चिप कंपनी में लगवाने और उसके माध्यम से रिश्वत लेकर ड्राइविंग लाइसेंस व गाड़ियों की आरसी बनाने के आरोप में फरीदकोट के तत्कालीन जिला यातायात अधिकारी (डीटीओ) विजय कुमार सियाल समेत दो एजेंटों समेत चार लोगों को धोखाधड़ी व भ्रष्टाचार निरोधक एक्ट के तहत नामजद किया था।
बुधवार को जांच अधिकारी डीएसपी हरजिंदर सिंह धालीवाल ने बताया कि यह केस एक जांच के आधार पर दर्ज किया गया है। ब्यूरो की पड़ताल में सामने आया था कि डीटीओ विजय कुमार सियाल ने राजस्थान के रिहायशी व्यक्ति के नाम पर एक वेरना कार को अपने दफ्तर के माध्यम से राजस्थान के पते पर तबदील करके सरकारी नियमों की अनदेखी की है।
साथ ही अपने एक करीबी राकेश कुमार को चिप कंपनी में भर्ती करवा रखा है और उसके माध्यम से रिश्वत की वसूली करके लाइसेंस व आरसी जारी की जाती है। इस काम में डीटीओ दफ्तर के दो एजेंट बाज कुमार व संदीप कुमार भी साथ दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि डीटीओ विजय कुमार सियाल व राकेश कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।