डेढ़ महीने से सैलरी न मिलने से परेशान कर्मचारी ने बुधवार देर रात गांव बलौंगी स्थित किराए के मकान में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। मृतक की पहचान गोपाल पांडे पुत्र खोका पांडे के रूप में हुई है। पुलिस को मृतक के पास से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मृतक के कंपनी प्रबंधन पर परेशान करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने मृतक के साले का बयान दर्ज कर नामी प्राइवेट कंपनी प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बलौंगी थाना के एएसआई बलजीत सिंह ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया गया है कि बुधवार रात जैसे ही घटना की सूचना मिली वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बलौंगी में किराये के मकान में रहने वाले गोपाल पांडे (33) का शव संदिग्ध हालत में मकान के कमरे में फंदे से लटका मिला। जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया, लेकिन वहां पोस्टमार्टम नहीं हो सका। इसके बाद शव को खरड़ अस्पताल भेजा गया।