पुलिस ने एक नौजवान को एक लाख रुपये की कीमत के पांच सौ तथा एक सौ के नकली नोटों समेत गिरफ्तार किया है। इसके अलावा आरोपी से नोट छापने वाला कागज, स्कैनर तथा अन्य सामान बरामद किया है।
फोटोस्टेट का काम करने वाला आरोपी अपने गांव में गोपनीय तरीके से बड़ी सफाई के साथ नोट छापने का काम रहा था। अदालत ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
एसएचओ सिटी राहुल कौशिक ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव कालबंजारा का एक नौजवान नकली नोट छाप रहा है और यदि उसे दबोचा जाए तो भारी मात्रा में नकली नोट बरामद हो सकते हैं। पुलिस ने जवदां रोड पर शक के आधार पर काले रंग के बैग के साथ आ रहे नौजवान की तलाशी ली। इसके बैग से पांच सौ रुपये के 176 नोट तथा एक सौ रुपये के 120 नोट बरामद किए।
सुनाम में नकली नोट की छपाई करने वाले आरोपी व बरामद सामान के साथ पुलिस टीम।
- फोटो : अमर उजाला
आरोपी की पहचान कालबंजारा निवासी गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई। आरोपी ने बताया कि गांव में अपने घर में ही वह नोट छाप रहा था और जल्द अमीर होने के चक्कर में उसने यह काम किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से तमाम सामान बरामद कर लिया है।
एसएचओ ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि उसने अब तक कितने नोट छापे हैं और बाजार में कितने नोट चला दिए हैं। उन्होंने आशंका जाहिर की कि इस मामले में अन्य लोगों के शामिल होने की संभावना है और आने वाले दिनों में अन्य खुलासे हो सकते हैं।