ऑनलाइन बिजनेस में बड़े मुनाफे का झांसा देकर छह लाख रुपये ठगने के आरोप में साइबर सेल ने मुंबई निवासी को गिरफ्तार किया है। मामले में दो आरोपी फरार हैं। साइबर सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर हरिंदर सेखों ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान मुंबई स्थित आर्किड एन्क्लेव, क्यूनेट विहान सेलिंग इंडस्ट्रीज के कर्मचारी हुजेफा रंकवाला के रूप में हुई।
बुधवार को आरोपी को जिला अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करेगी ताकि मामले में फरार चल रहे आरोपी अनिल राणा और आशीष भगत को पकड़ सके। हरिंदर सेखों ने बताया कि मोहाली निवासी देविंदर कुमार ने पुलिस को शिकायत में बताया था कि वह पिछले छह साल से सिप्ला लिमिटेड कंपनी में काम करता है। ऑनलाइन बिजनेस को लेकर उसकी अनिल राणा, आशीष भगत और क्यूनेट सेलिंग इंडस्ट्रीज़ के हुजेफा रंकवाला से सेक्टर 35 में मुलाकात हुई थी।
तीनों ने उसे पोर्टल के जरिए आनलाइन बिजनेस कर लाखों रुपये की कमाई के बारे में जानकारी दी। शिकायतकर्ता ने नगदी न होने से बिजनेस में रुपये निवेश करने से इंकार कर दिया। हुजेफा रंकवाला ने बताया था कि उसे निवेश करने के लिए पोर्टल और एक्सेस कोड दिया जाएगा, ताकि नया व्यक्ति अगर रुपये निवेश करेगा तो कमीशन उसके खाते में आ जाएगा।