अटेली क्षेत्र की एक युवती ने जींद के गांव लोन निवासी युवक पर फेसबुक पर दोस्ती और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया। नारनौल महिला थाने ने आरोपी युवक मंदीप के खिलाफ रेप, धमकी आदि का केस 22 मार्च को दर्ज किया किया था। परंतु अब तक आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर मंगलवार को पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से जल्द न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि करीब तीन साल पहले फेसबुक पर आरोपी ने उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जिसे उसने स्वीकार कर लिया। वह उसे लगातार मैसेज भेजने लगा तो उससे परिचय हुआ। बाद में मोबाइल पर भी बात होने लगी। 9 जनवरी 2016 को आरोपी द्वारा मिन्नत करने के बाद निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर मिली। युवक ने उसे बताया कि वह अविवाहित है और जल्द ही उससे शादी कर लेगा।
21 फरवरी 2016 को आरोपी नारनौल बस स्टैंड आया। इसके बाद दोनों रघुनाथपुरा हनुमान मंदिर में दर्शन करने के लिए गए। इस दौरान आरोपी ने उससे शारीरिक संबंध बनाने की मंशा जाहिर की। मना करने पर युवक मंदिर गया और सिंदूर लेकर आया। इसके बाद रास्ते में जंगल में उसने सिंदूर से मांग भर दी और उसके साथ गलत काम किया।