कोरोना संकट के बीच चंडीगढ़ के जीआरपी थाने में लोगों की हिफाजत के लिए तैनात दो जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के बीच झगड़ा हो गया। एक महिला को उसके गंतव्य तक छोड़कर आने को लेकर दोनों में विवाद इतना बढ़ गया कि एक सब इंस्पेक्टर ने दूसरे सब इंस्पेक्टर के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में सब इंस्पेक्टर बुरी तरह लहूलुहान हो गया। इसके बाद उसे पंचकूला के सिविल अस्पताल में ले जाया गया। यहां से डॉक्टरों ने उसे जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ में रेफर कर दिया है। उसके सिर पर छह टांके लगे हैं और बाजू व पेट पर भी जख्म हो गए हैं।
बैरक में सोते समय किया हमला
दरअसल 14 अप्रैल को एसआई बलवान सिंह पुलिस बैरक में सो रहे थे। इस दौरान सब इंस्पेक्टर जरनैल सिंह ने उनके सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गनीमत रही कि इस दौरान उनके बगल में सो रहे पुलिस के दूसरे मुलाजिम ने उनमें बीचबचाव करवाया और शोर मचाकर थाने में दूसरे मुलाजिमों को बुला लिया। इसके बाद तुरंत घायल बलवान को पंचकूला के सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में दाखिल करवाया गया, लेकिन यहां से इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखकर जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ रैफर कर दिया। यहां पर उनका इलाज चल रहा है और अब वह खतरे से बाहर हैं।
सिर में लगे छह टांके, शरीर पर कई जगह जख्म के निशान
घायल सब इंस्पेक्टर बलवान ने बताया कि जरनैल सिंह ने उन पर बेवजह हमला किया है। नाइट ड्यूटी के बाद वह दिन में करीब सवा 3 बजे बैरक में सो रहे थे। इसी दौरान जरनैल सिंह ने उनके सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इससे उनके सिर पर 6 टांके लगे हैं। इसके अलावा उनकी बाजू और पेट पर भी कई जगह जख्म के निशान हैं।
छोड़ने गया बलवान तो नाराज था जरनैल
पुलिस सूत्रों के मुताबिक तीन-चार दिन पहले बलवान ने जरनैल को थप्पड़ जड़ दिया था। इसकी शिकायत जरनैल ने एसएचओ को दी थी। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद जरनैल ने बलवान पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
दरअसल तीन-चार दिन पहले लॉकडाउन के दौरान एक महिला चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर अकेली थी, तभी ड्यूटी पर तैनात सब इंस्पेक्टर बलवान ने महिला से पूछा कि लॉकडाउन के समय वह रेलवे स्टेशन पर कैसे घूम रही है, जिसके बाद महिला को उसके गंतव्य तक छोड़ने के लिए बलवान अकेला ही चला गया था।
यह बात जरनैल सिंह को पता चली तो उसने एसएचओ को उसकी शिकायत कर दी थी। जब इसका पता बलवान को चला तो उसने एसएचओ के सामने ही जरनैल को थप्पड़ मार दिया और कहा कि वह बेबुनियाद आरोप लगाना बंद करे। इसका बदला लेने के लिए जरनैल ने कुल्हाड़ी से उस पर हमला किया है।
-एसआई जरनैल सिंह के खिलाफ धारा 323 व 506 के तहत केस दर्ज किया है। डॉक्टर की रिपोर्ट पर कार्रवाई की जाएगी। तीन-चार दिन पहले उनके झगड़े का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। इसकी भी जांच की जाएगी।
- सुमिति चौधरी, एसपी जीआरपी