मोहाली में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एलएलबी के एक छात्र को हेरोइन तस्करी करने जाते समय कार समेत पकड़ लिया। आरोपी से 50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। आरोपी ट्राइसिटी में ही हेरोइन सप्लाई करता था। आरोपी की पहचान पंकज कुमार निवासी चरखी थाना सदर दादरी जिला भवानी हरियाणा के रूप में हुई है।
आरोपी के खिलाफ एसटीएफ के थाना फेज-चार में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। एसटीएफ के सहायक इंस्पेक्टर जनरल पुलिस हरप्रीत सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है, उम्मीद है कई और राज खुलेंगे।
जानकारी के मुताबिक, एसटीएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर फेज-11 में बावा व्हाइट हाउस के पास नाका लगाया हुआ था। तभी सफेद रंग की आई-20 कार में सवार होकर आरोपी आईआईएसईआर साइड से मोहाली में नशा सप्लाई करने आ रहा था। इस दौरान एसटीएफ की टीम ने उसे रोक लिया गया। इस दौरान जब उसकी तलाशी ली गई तो हेरोइन बरामद हुई।