एक एनआरआई ने अपनी पत्नी पर उसकी वरना कार को जाली कागजात बनाकर बेचने और घर से अलमारी में रखे सोने के पैंडल, लैपटॉप और मोटरसाइकिल चुराने के आरोप लगाए हैं। पति का आरोप है कि उससे बिना पूछे ही उसकी पत्नी ने धोखाधड़ी से उसकी कार बेच दी है औैर इस काम में उसकी पत्नी के साथ उसके सास-ससुर भी शामिल हैं।
जांच के बाद सिविल लाइन पुलिस बटाला ने आरोपी पत्नी, सास और ससुर के खिलाफ धोखाधड़ी, चोरी औैर धमकाने के आरोप के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल तीनों ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। थाना सिविल लाइन बटाला के एएसआई हरदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को दी शिकायत में गोबिंदनगर बटाला के दलबीर सिंह ने बताया है कि उसकी शादी 2014 में हरजिंदर कौर के साथ हुई थी।
शादी के बाद वह अमेरिका चला गया। उसके जाने के बाद उसकी पत्नी हरजिंदर कौर, सास सुरिंदर कौर औैर ससुर महिंदर सिंह निवासी नवां शाला ने उसकी वरना कार उससे बिना पूछे जाली कागजात तैयार करवा कर दो लाख 55 हजार रुपये में राजेश कुमार को बेच दी। तीन महीने पहले जब वह अमेरिका से आया तो उसने अपनी पत्नी से कार के बारे में पूछा तो आरोपी टालमटोल करने लगी। कुछ समय के बाद उसे अपनी पत्नी की धोखाधड़ी के बारे में पता चल गया।
इसके अलावा यह भी पता चला कि तीनों आरोपियों ने मिलकर उसकी अलमारी से सोने का पैंडल, एक रेडो की घड़ी, लैपटाप, आई फोन औैर मोटरसाइकिल भी चुरा लिया था। जांच अधिकारी एएसआई हरदीप सिंह ने बताया कि डीएसपी सिटी बटाला की जांच में आरोप ठीक पाए गए। इसके बाद तीनों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया। फिलहाल तीनों आरोपी फरार हैं।