एक बार फिर सेक्टर-20 सुर्खियों में आ गया। जहां से टीचर रीना कार समेत गायब हुई थी, वहीं से मंगलवार रात को गन प्वाइंट पर बदमाशों ने एक महिला से डस्टर कार लूट ली और बच्चे का भी अपहरण कर लिया। महिला पीरमुछल्ला से बच्चे के साथ आइसक्रीम लेने आई थी। अपहरणकर्ता बच्चे को जीरकपुर में मेट्रो के पास छोड़कर कार लेकर फरार हो गए। डोमिनोज के स्टाफ ने बच्चे को थाने पहुंचाया। देर रात तक पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी रहीं, लेकिन आरोपियों का सुराग नहीं मिल सका।
रात करीब 11:15 बजे पीरमुछल्ला निवासी महिला अपने पांच वर्षीय बच्चे के साथ सेक्टर-20 में आइसक्रीम लेने आई। जीएच-30 के बाहर जैसे ही उसने अपनी कार रोकी सामने से आए बदमाशों ने गन प्वाइंट पर कार से बाहर निकलने को कहा। महिला के बाहर आते ही बदमाश बच्चे को अपने साथ लेकर तेज रफ्तार में फरार हो गए। बाद में बदमाशों ने बच्चे को जीरकपुर के मेट्रो मॉल के पास छोड़ दिया।
कार समेत रीना भी यहीं से हुई थी गायब
पंजाब बार्डर पर यह पहली वारदात नहीं, ठीक इसी तरह की घटना 11 मई को भी सेक्टर-20 की मार्केट में हो चुकी है। लेडी टीचर रीना अपने बेटे के साथ आइसक्रीम लेने सेक्टर-20 आई थी। यहीं से वह कार समेत गायब हो गई थी। बाद में उसकी हत्या कर दी गई थी और शव कार में ही बंदरघाटी के पास मिला था।
रात को पीरमुच्छल्ला से आई महिला के बच्चे को बदमाशों ने कार समेत किडनैप कर लिया। देर रात को डोमिनोज के स्टाफ ने बच्चे को थाने पहुंचाया। मामले की छानबीन जारी है।
अशोक कुमार, डीसीपी, पंचकूला