पिता के एक्सीडेंट की बात कहकर एक पड़ोसी युवक ने युवती को अगवा कर लिया। इसके बाद छह साथियों के साथ मिलकर उसने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी। दरअसल, हरियाणा के यमुनानगर में घर से सब्जी लेने निकली 13 साल की किशोरी को पड़ोसी युवक ने पिता का एक्सीडेंट होने की बात कहकर बाइक पर अगवा कर लिया। किशोरी को कैफे में ले जाकर छह युवकों ने उससे गैंगरेप किया।
विरोध करने पर आरोपियों ने ब्लेड मारकर उसे घायल कर दिया। आरोपियों में एक किशोरी का चचेरा भाई बताया जा रहा है। पुलिस ने छह युवकों के खिलाफ गैंगरेप, पोक्सो एक्ट समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर चार को देर शाम गिरफ्तार कर लिया।
डरी-सहमी घर लौटी बेटी
सांकेतिक तस्वीर
किशोरी की मां ने पुलिस को बताया कि वह कालोनी में किराये के मकान में रहते हैं। उनके छह बच्चे हैं। सबसे बड़ी बेटी साढ़े 13 साल की है। मंगलवार को वह बच्चे की दवा दिलाने गई थी। पति काम पर गया था और अन्य बच्चे घर पर थे। वह जब शाम पांच बजे दवा लेकर लौटी तो बेटी घर पर नहीं थी। उसने पति के आने पर आस-पड़ोस में तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। रात 12:00 बजे बेटी डरी-सहमी घर लौटी। उसने बताया कि वह शाम को सब्जी लेने दुकान पर गई थी, वहां उनके पड़ोसी बाइक पर खड़े थे।
दोनों ने उससे कहा कि तुम्हारे पिता का एक्सीडेंट हो गया है, उसे अस्पताल बुलाया है। वह अस्पताल जाने के लिए उनके साथ बाइक पर बैठ गई। आरोपी उसे अस्पताल ले जाने की बजाय एक कैफे ले गए। वहां दोनों ने उसके साथ गलत काम किया। तभी वहां सलमान, अनीश, फिरोज और एक अन्य युवक वहां आ गए। वे उसे डरा-धमकाकर संतपुरा रोड के पास एक कैफे में ले गए। सभी ने वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके हाथों पर ब्लेड मार कर घायल कर दिया।
पीड़ित किशोरी की मां की शिकायत पर छह युवकों के खिलाफ पोक्सो एक्ट, गैंगरेप सहित कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुरूवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। बाकी दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। - नरेंद्र राणा, एसएचओ, शहर थाना