चंडीगढ़। सेक्टर-21 स्थित पीजी में वीरवार दोपहर छात्रा ने पुलिस कंट्रोल रूम में किडनेपिंग की कॉल कर दी। इसे सुनते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। पांच मिनट में पीसीआर पुलिस सहित थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालांकि, पुलिस की प्राथमिक जांच के बाद मामले में सिर्फ पीजी ड्रामा निकला।
सेक्टर-19 थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने बताया कि घटना वीरवार दोपहर करीब 12:40पर हुई। सेक्टर-21 स्थित पीजी नंबर-43से एक छात्रा ने कॉल किया था। उसने पुलिस से कहा कि पड़ोसी कमरे में रहने वाली एक छात्रा की किडनैपिंग हो रही है। इसके बाद थाना प्रभारी सहित पीसीआर की टीम पहुंची। पुलिस ने पीजी मालिक को बुलाकर जानकारी ली।
इस दौरान पता चला कि पीजी में रहने वाली सभी स्टूडेंट्स की संख्या बराबर है। इसके बाद आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि ऐसी कोई घटना नही हुई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि पीजी कमरे में छात्रा हंसी मजाक कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने जोर जोर बचाओ बचाओ का शोर मचाया।
बकि, दूसरे कमरे से बाहर आई छात्रा ने हड़बड़ाहट में पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल किया था। उसने बताया कि कमरे के अंदर से बचाओ बचाओ की तेज आवाज आ रही थी। वहीं, पीजी मालिक ने लिखित तौर पर पुलिस से मांफी मांगी। बाद में मामले में किसी तरह की कार्रवाई नही की गई।