पंजाब के खन्ना में दोराहा पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान शनिवार को तीन गाड़ियों से नौ करोड़ 66 लाख 61 हजार 700 रुपये बरामद किए हैं। मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों में एंथनी (पादरी) निवासी थाना गांव प्रतापपुर जिला जालंधर, रछपाल सिंह निवासी तरनतारन, रविंदर लिंगायत उर्फ रवि निवासी मुंबई, शिवांगी लिंगायत पत्नी रविंदर लिंगायत निवासी मुंबई, अशोक कुमार पुत्र अनंत राम निवासी बिलासपुर हिमाचल प्रदेश और हरपाल सिंह पुत्र हरजीत सिंह निवासी छोटी बारादरी जालंधर शामिल हैं।
पुलिस ने मामले को आगे की जांच के लिए इन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट(ईडी)और आयकर विभाग के हवाले कर दिया है। एसएसपी खन्ना ध्रुव दहिया ने बताया कि जालंधर से हवाला का पैसा अंबाला की तरफ ले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद दोराहा जीटी रोड पर नाकाबंदी कर दी गई है। डीएसपी (डी) हंसराज, दोराहा एसएचओ करनैल सिंह की अगुवाई में दोराहा में नेशनल हाईवे नंबर-1 पर मैकडोनॉल्ड के पास नाका लगाकर चेकिंग शुरू की गई।
लुधियाना की तरफ से आ रही एक फोर्ड इको स्पोर्ट कार (पीबी10जीबी-0269), एक इनोवा (पीबी02बीएन-3938) और एक मारुति ब्रेजा (पीबी06एक्यू-8020) को शक के आधार पर रोका गया। इन गाड़ियों में छह लोग सवार थे। गाड़ी की तलाशी के दौरान उसमें से 9 करोड़ 66 लाख 61 हजार 700 रुपये बरामद किए गए।
आरोपियों में शामिल पादरी जालंधर के फ्रेंको मुलक्कल का साथी है जिस पर नन से रेप का आरोप है। एसएसपी ने बताया कि आयकर विभाग के आईटीओ विमल मदान, वरिंदर कुमार और ईडी जालंधर के सहायक डायरेक्टर दीपक राजपूत को बुलाकर मामला उनके हवाले करने की कार्रवाई चल रही है।