जींद पुलिस ने छापेमारी कर एक स्पा सेंटर की आड़ मे चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ कर एक महिला समेत दो लोगों को काबू किया है। महिला थाना पुलिस ने स्पा सेंटर से पकड़ी गई महिला व व्यक्ति के खिलाफ वेश्यावृत्ति निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि पटियाला चौक से शहर की तरफ जाने वाले मुख्य मार्ग पर इलीट स्पा सेंटर खोला गया है। जिसमें मसाज के बजाय देह व्यापार का काम होता है। बाहर से महिला तथा लड़कियां लाकर उनसे वेश्यावृत्ति करवाई जाती है। सूचना के आधार महिला थाना प्रभारी गीता देवी के नेतृत्व में छापामार टीम का गठन किया गया। छापामार टीम ने स्पा सेंटर पर सादे कपड़ों मे पुलिसकर्मी को फर्जी ग्राहक बना कर भेजा। स्पा सेंटर के काउंटर पर बैठे व्यक्ति और वहां मौजूद महिला से बातचीत के बाद रेट तय हो गया।
फर्जी ग्राहक से इशारा मिलते छापामार टीम अंदर घुस गई। महिला और वहां मौजूद व्यक्ति को काबू कर लिया और उनसे फर्जी ग्राहक से ली गई राशि को बरामद कर लिया। पुलिस पूछताछ में पकड़े व्यक्ति की पहचान स्पा सेंटर संचालक दुर्गा कालोनी निवासी उमेद के रूप में हुई। जबकि महिला की पहचान टोहाना निवासी के रूप में हुई। महिला थाना पुलिस ने स्पा सेंटर संचालक उमेद और महिला के खिलाफ वेश्यावृत्ति अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।