पंजाब के तरनतारन जिले की गोइंदवाल साहिब केंद्रीय जेल में रविवार को लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया गैंग के बीच झड़प हुई थी। गैंगवार में जग्गू भगवानपुरिया गैंग मनमोहन मोहना और मनदीप तूफान की हत्या कर दी गई थी। वहीं मनप्रीत भाऊ, अरशद खान व केशव बठिंडा घायल हैं। इस घटना के बाद पंजाब की जेलों में जग्गू भगवानपुरिया और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गों को अलग-अलग बैरकों में रखा गया है। इस बीच दोनों ग्रुपों में धमकी देने का सिलसिला भी जारी है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में पंजाब में गैंगवार की घटनाओं में इजाफा हो सकता है।
भगवानपुरिया ने भी कहा लेंगे बदले
गैंगवार के बाद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर की गई एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें कहा गया है कि मनदीप तूफान की हत्या से हमें बहुत दुख हुआ है... जिसने भी यह गलती की, उसे जल्द ही इसका भुगतान करना होगा... जिसने भी मिलकर हमारे भाई को मारने की साजिश रची है, चाहे वह अपना हो या दूसरा कोई... हम किसी से नहीं डरते, वह कोई भी हो, हम किसी से नहीं डरते... हम अपने भाई की हत्या का बदला हत्या से लेंगे। पोस्ट में आगे लिखा है कि मैं यह भी साफ कर देना चाहता हूं कि रूपा और मन्नू हमारे भाई थे और जिन्हें हम कभी भाई कहते थे... जो कह रहे है कि जग्गू ने इनकी मुखबिरी की है... वह एक भी सबूत दे दें...ऐसी घटिया हरकत हमने ना ही कभी की है और ना ही करेंगे... ना ही वाहेगुरु हमारे से आने वाले समय में करवाएं...।
गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली हत्या की जिम्मेदारी
गोइंदवाल साहिब जेल कांड की जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली है। गोल्डी बराड़ ने फेसबुक पर लिखा कि जेल में मारे गए दूसरे गैंग के सदस्यों ने जग्गू भगवानपुरिया के कहने पर दो दिन पहले हमारे भाई मनप्रीत भाऊ ढेपई से मारपीट की थी। आज हमारे भाइयों ने एक तरफ होकर उन्हें मार दिया। इस जग्गू ने हमारे भाई रूपा और मन्नू का ट्रैप लगवाकर एनकाउंटर करवाया था। जग्गू हमारे ग्रुप की अंदर की बातें लीक कर देता था... जग्गू डबल क्रॉस कर पूरे ग्रुप के बारे में पुलिस को बता रहा... जो भी जग्गू का समर्थन करेगा, उसके साथ भी ऐसा ही होगा। इन्होंने पहल की थी तो जवाब मिल गया... हम किसी भी गलत इंसान को अपने ग्रुप में नहीं रखेंगे ताकि जो गलती करेगा, उसे भुगतना पड़ेगा। उसने कहा कि भाईचारे में धोखा बिल्कुल माफी के लायक नहीं है और जग्गू के जो लोग चिट्टा बेचते है वे भी अपनी तैयारी रखे, अब सबकी बारी आएगी।
पंजाब पुलिस का दावा- गोल्डी बराड़ की पोस्ट फर्जी
गोल्डी बराड़ के नाम से बने फेसबुक पेज पर दावा किया गया था कि दोनों गैंगस्टरों की हत्या उन्होंने करवाई है जबकि पंजाब पुलिस ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट में एक पोस्ट डालकर दावा किया कि गोल्डी बराड़ की पोस्ट फर्जी है। पुलिस ने उसी पोस्ट को शेयर किया और लिखा कि पंजाब की शांति व सद्भावना को खराब करने के लिए इस तरह के दावे सोशल मीडिया पर किए जा रहे हैं।
पुलिस ने सात को किया नामजद
पुलिस ने गैंगवार मामले में मनप्रीत भाऊ, सचिन भिवानी, राजिंदर जोकर, अंकित सेरसा, कशिश, अरशद खान और मलकीत मामा को नामजद किया है। एफआईआर के मुताबिक जेल में ब्लॉक 1 और ब्लॉक 2 के कैदियों में झड़प हुई थी। इसमें ब्लॉक 2 के कैदियों ने पहले हमला किया था। आपको बता दें कि ब्लॉक 2 में मनमोहन मोहना और मनदीप तूफान थे। उन्होंने लोहे की पत्तियों से पहले हमला किया था। इसके बाद विरोधी गैंग ने उनसे लोहे की पत्तियां छीनकर हमला कर दिया। हमले में मनमोहन मोहना और मनदीप तूफान की मौत हो गई और मनप्रीत भाऊ, अरशद खान व केशव बठिंडा घायल जख्मी हैं।