नाभा जेल ब्रेक कांड में कंट्रोल रूम की भूमिका निभाने वाले सिंगापुर निवासी रोमी को भारत लाने के लिए पंजाब पुलिस ने उसके खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए पंजाब पुलिस ने केंद्र सरकार को लिखा है। एसएसपी एस भूपति ने इसकी पुष्टि की।
सिंगापुर में रहने वाला रोमी नाभा जेल में ही गैंगेस्टर गुरप्रीत सिंह सेखों और विक्की गोंडर के संपर्क में आया था। रोमी क्रेडिट कार्ड के जरिये जालसाजी करने के मामले में जेल में बंद था। जमानत के बाद भी रोमी इनके संपर्क में रहा और उसने ही इन सभी को सिंगापुर से पैसे भेजे। इसी पैसे से नाभा जेल ब्रेक कांड के आरोपियों ने हथियार खरीदे और 27 नवंबर को जेल तोड़कर फरार होने के बाद वह अपना सारा खर्च चलाते रहे।
जब ये लोग पटियाला जिले से हरियाणा में भागकर पहुंचे थे, तो इनको अंदाजा हो गया था कि हरियाणा में भी उनकी तलाश की जा रही है। इसके बाद ये सारे अलग-अलग हो गए, लेकिन सिंगापुर में रोमी के संपर्क में रहे। हर व्यक्ति ने एक-दूसरे के साथ कोई बात नहीं की, न ही अपना पता बताया। इनमें से हर कोई सिंगापुर में रोमी के साथ फोन पर संपर्क करता था और इसके बाद रोमी ही अगली जानकारी उसको देता था।