पूर्वोत्तर के राज्यों में सबसे ज्यादा बेची गई पिस्टल
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शास्त्रीपुरम में बनाए गए डुप्लिकेट विदेशी पिस्टलों के नक्सली कनेक्शन के बाद एक और यह जानकारी सामने आई कि इनकी सबसे ज्यादा बिक्री पूर्वोत्तर के राज्यों में हुई है। पुलिस को अरुणाचल प्रदेश और असम के तीन आर्म्स डीलर के नाम-पते भी मिल गए हैं। ये लोग लखनऊ के आर्म्स डीलर हरजीत सिंह सरना के माध्यम से हथियार खरीदते थे। इनकी धरपकड़ के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
यह गिरोह 300 पिस्टल बेच चुका है। इनकी बिक्री आर्म्स डीलर के माध्यम से हुई है। सोमवार को ही यह जानकारी मिली थी कि पिस्टलों को झारखंड और बिहार के नक्सल प्रभावित इलाकों में बेचा गया है। जेल भेजे जाने से पूर्व आरोपियों से हुई पूछताछ में यह भी पता चला कि सबसे ज्यादा डिमांड अरुणाचल प्रदेश और असम से आ रही थी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हरजीत सिंह सरना के मोबाइल में इनके नंबर मिले हैं। इसके अतिरिक्त उसकी दुकान से जब्त किए गए कागजात में भी इनके बारे में जानकारी है। उसने पूछताछ में भी इनका नाम लिया। इसका पता चलते ही पुलिस की टीमें रवाना कर दी गई हैं। ये डीलर असम के तिनसुखिया और अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट के बताए गए हैं।
कानपुर से खरीदते थे कच्चा माल
आगरा।
डुप्लिकेट पिस्टल के लिए स्टील, लोहा जैसा सामान कानपुर से खरीदा जाता था। कानपुर के एक डीलर ने भी इन पिस्टलों को खरीदा है। इसके अलावा एटा, मथुरा और फिरोजाबाद के डीलरों के नाम पुलिस को पता चल चुके हैं। इन पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है।