पंजाब के मोगा के थाना सिटी साउथ में तैनात एक एएसआई और स्थानीय जांच एजेंसी इंचार्ज एक इंस्पेक्टर ने मामूली तकरार के बाद एक-दूसरे पर पिस्तौल तान ली। इसी दौरान एक इंस्पेक्टर के पहुंचने पर टकराव टल गया।
सूत्रों के अनुसार जिला पुलिस प्रमुख की हिदायतों के मुताबिक थाना सिटी साउथ पुलिस ने एएसआई जरनैल सिंह के नेतृत्व में शहर के प्रताप चौक में नाका लगाया था। इस दौरान स्थानीय जांच एजेंसी का इंचार्ज एक इंस्पेक्टर नाके की चेकिंग कर रहा था।
यह इंस्पेक्टर सादे कपड़ों में था। इस दौरान एएसआई जरनैल सिंह से इंस्पेक्टर की किसी बात से मामूली तकरार हो गई। सूत्रों के अनुसार मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक दूसरे पर पिस्तौलें तान ली।
इस दौरान जिला पुलिस का एक ओर पुलिस इंस्पेक्टर मौका पर पहुंचा और उसके दखल के बाद टकराव टल गया। एएसआई जरनैल सिंह ने जिला पुलिस प्रमुख को मामले की शिकायत दी है।
एएसआई जरनैल सिंह ने संपर्क करने पर घटना की पुष्टि की और कहा कि वह तनाव में होने के कारण छुट्टी पर हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि इंस्पेक्टर सादी वर्दी में थे।
उन्होंने आगे बताया कि उनकी तरफ से जिला पुलिस प्रमुख को की शिकायत की जांच एसपी (डी) कर रहे हैं। वहीं एसपी (डी) हरजीत सिंह पन्नू ने कहा कि यह मामला उनके ध्यान में नहीं है।