भारतीय पति-पत्नी और उनके 16 साल के भतीजे की ऑस्ट्रेलिया के मेलबोर्न में सड़क हादसे में मौत हो गई। वहीं दंपती का चार साल का बेटा और भाभी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद गांव नमादा में शोक की लहर है। पीड़ित परिवार सदमे में है।
पंजाब के पटियाला जिले के समाना के गांव नमाना के किसान परिवार का बेटा सवरनजीत सिंह ग्रेवाल अपनी पत्नी अमनदीप कौर और चार साल के बेटे सहज के साथ ऑस्ट्रेलिया के मेलबोर्न में रहता था। वहां वह ड्राइवरी करता था। बताया जा रहा है कि नमादा से ऑस्ट्रेलिया आई अपनी भाभी गुरमीत कौर और 16 साल के उसके बेटे इशप्रीत सिंह को मेलबोर्न के कलिस्ता के पहाड़ी इलाके में घुमाकर सवरनजीत कार में अपनी पत्नी व बेटे के साथ वापस घर जा रहे थे।
रास्ते में अचानक एक भारी पेड़ आकर उनकी कार पर गिर गया। पेड़ गिरने से कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं हादसे में सवरनजीत सिंह (34), उसकी पत्नी अमनदीप कौर (32) और भतीजे इशप्रीत सिंह की मौत हो गई। अमनदीप कौर की भाभी गुरमीत कौर (36) और अमनदीप का चार साल का बेटा सहज गंभीर घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।