फतेहपुर जिले में बकेवर थानाक्षेत्र के जलाला गांव में मंगलवार शाम जुआ (लकड़ी) खेलने के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। मारपीट में पति को पिटता देख उसकी पत्नी तीन साल के बच्चे को गोद में लेकर आ गई।
आरोपियों ने उसे भी पीटा और एक ने बच्चे को गोद से खींचकर पटक दिया। सिर में गंभीर चोट के चलते उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में एक नाबालिग भी है।
जलाला गांव निवासी शिवाकांत रैदास और गांव के एहसान, भूरे व एक नाबालिग जुआ खेल रहे थे। एहसान पक्ष के लोग जुआ में जीतने के बाद मौके से जाने लगे। शिवाकांत ने दांव खेलने के लिए दबाव बनाया। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद व मारपीट होने लगी।
शिवाकांत को पिटता देख उसकी पत्नी गोद में तीन साल के बच्चे आयुष को लेकर वहां बीच-बचाव के लिए पहुंच गई। शिवाकांत ने बताया कि उसके बच्चे को एहसान ने गोद से छीन लिया। बाकी लोग उसके और पत्नी के साथ मारपीट करने लगे।
एहसान ने बच्चे को उठाकर जमीन में पटक दिया। बच्चा गंभीर घायल हो गया। उसे जहानाबाद सीएचसी लेकर पहुंचे। डाक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर एसपी प्रशांत वर्मा समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। एहसान, भूरे और तीसरे नाबालिग को पकड़ लिया गया। मामले में डीएम संजीव सिंह के आदेश पर देर रात शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम में सिर में गंभीर चोट को मौत की वजह माना गया। थानेदार एके गौतम ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। युवकों को जेल भेजा गया, नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड भेजा गया।