नकोदर रोड पर गांव लांबड़ा के पास एक बेकाबू ट्रक ने रविवार को तीन लोगों की जान ले ली। तेज रफ्तार ट्रक ने पहले ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी और फिर इनोवा और एक्टिवा में जा भिड़ा। हादसे के बाद ट्रकड्राइवर मौके से फरार हो गया। थाना लांबड़ा पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी ट्रक ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।
रविवार को लांबड़ा के पास बेकाबू ट्रक ने एक ऑटोरिक्शा को टक्कर मारी। इससे ऑटो में बैठी सरबजीत कौर और ऑटो चालक महिंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक ड्राइवर ने इस पर भी ट्रक नहीं रोका और इनोवा कार को टक्कर मार कर खेतों में उतार दिया।
कार का ड्राइवर बाल-बाल बच गया। इसके बाद ट्रक ने एक्टिवा सवार दंपती को टक्कर मार दी। इससे एक्टिवा सवार गुरबख्श कौर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उसके पति अविनाश गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें इलाज के लिए जोशी अस्पताल में भर्ती करवाया है। ट्रक की टक्कर से एक्टिवा चकनाचूर हो गया। अंत में बेकाबू ट्रक सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा कर पलट गया। ट्रक ड्राइवर मौके से भाग निकला।